यूक्रेन के सशस्त्र बलों का दावा, खार्किव में जारी है युद्ध, जवाबी कार्रवाई में तकरीबन 50 रूसी सैनिक ढेर

February 24, 2022 by No Comments

Share News

नई दिल्ली/कीव। यूक्रेन के सशस्त्र बलों ने दावा किया है कि वे लोग उत्तरी यूक्रेन के चेर्निहाइव क्षेत्र में रूसी सैनिकों को रोकने में कामयाब रहे हैं। उनके देश के उत्तर पूर्वी हिस्से में स्थित खार्किव में एक बड़ा युद्ध जारी है। उन्होंने दावा किया है कि रूस के सैनिकों को उन्होंने निराश कर दिया है।

मीडिया सूत्रों के मुताबिक यूक्रेनी बलों ने गुरुवार को जनरल स्टाफ के सत्यापित फेसबुक पेज पर एक पोस्ट में कहा कि मॉस्को की ओर से सैन्य अभियान शुरू करने के बाद यूक्रेन ने जवाबी कार्यवाही की, जिसमें 50 रूसी सैनिक मारे गए हैं। सुरक्षा बलों ने दावा किया कि उन्होंने छह रूसी वायु सेना के विमानों और दो हेलिकॉप्टरों को भी मार गिराया है। साथ ही दो टैंकों को भी नष्ट कर दिया है।

सुरक्षा बलों ने एक बयान जारी करते हुए ये भी दावा किया है कि उन्होंने पूर्वी यूक्रेन में मारियुपोल पर पूर्ण नियंत्रण हासिल कर लिया है, हालांकि दक्षिण में खेरसॉन में स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जहां यूक्रेनी सेना रूसी सैनिकों को पीछे धकेलने की कोशिश कर रही है। खबर ये भी आ रही है कि 50 से अधिक यूक्रेनी सैनिक भी कथित तौर पर मारे गए हैं और दर्जनों सैनिक ऑपरेशन में घायल हो गए हैं। दूसरी ओर यूक्रेन ने अपने नागरिकों से शांत रहने और धैर्य बनाए रखने की अपील भी की है। यूक्रेनी सशस्त्र बलों ने कहा कि सभी सैन्य यूनिट्स मोर्चा संभाले हुए हैं।