Threat Call: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को मिली जान से मारने की धमकी, तीन बार आया कॉल, बोला, दफ्तर भी उड़ा देंगे, देखें कितनी मांगी फिरौती, लिया दाऊद का नाम
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद शासन से लेकर प्रशासन तक में खलबली मच गई है। फोन करने वाले ने खुद को ‘दाऊद’ बताकर 100 करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की है।
इस सम्बंध में नागपुर पुलिस ने मीडिया को जानकारी दी कि नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) के जनसंपर्क कार्यालय के लैंडलाइन नंबर पर ‘दाऊद’ नाम के एक व्यक्ति से मंत्री को जान से मारने की धमकी दी है। इसी के साथ फोन करने वाले ने 100 करोड़ रुपए की फिरौती भी मांगी है। इस सम्बंध में कार्यालय में तीन बार फोन आया और फोन करने वाले ने कार्यालय को भी उड़ा देने की धमकी दी है। फिलहाल पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मालूम हो कि नितिन गडकरी को मोदी सरकार में सबसे अच्छा काम करने वाले मंत्रियों में से एक माना जाता है। सोशल मीडिया पर भी नितिन गडकरी काफी एक्टिव रहते हैं। ट्विटर पर नितिन गडकरी के 12 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। नितिन गडकरी को धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। पुलिस दोषी की तलाश कर रही है। एक पुलिस अधिकारी ने मीडिय को जानकारी दी कि मामले की खबर मिलने के बाद हमारी टीम उनके नागपुर स्थित कार्यालय पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस कॉल करने वाले की लोकेशन ट्रेस कर रही है, जो भी दोषी होगा उसको जल्द से जल्द से पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।
जानकारी सामने आई कि धमकी भरा फोन 3 बार आया है। पहली बार फोन सुबह 11:29 बजे, दूसरी बार 11:35 बजे और तीसरी बार आज दोपहर 12:32 बजे आया। फिलहाल पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी नितिन गडकरी के पीआर ऑफिस पहुंच गए हैं और पूछताछ की जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी इस वक्त नागपुर में ही हैं। (photo credit @nitin_gadkari)