UP News: कानपुर देहात जैसी घटना से सिहर उठता सीतापुर लेकिन पुलिस की सूझबूझ आई काम, कब्जा हटाने के दौरान झोपड़ी में लगी आग, देखें वीडियो
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के मडौली गांव की झोपड़ी में जलकर राख हुई मां-बेटी की राख अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि वैसा ही एक मामला होने से पहले पुलिस की सूझबूझ काम आ गई. दरअसल सीतापुर में कब्जा हटाने के दौरान एक और झोपड़ी में आग लग गई, लेकिन किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ.
इस सम्बंध में एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि झोपड़ी धूं-धूं कर जल रही है और जेसीबी छप्पर हटा रही है. इस पूरे मामले में जानकारी सामने आ रही है कि सीतापुर सिधौली तहसील क्षेत्र के कमलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरौरा कला मजरा खानपुर में पुलिस और प्रशासन बुलडोजर के साथ ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा हटाने के लिए बुधवार को गए थे, तभी झोपड़ी में आग लग गई.
इसके बाद पुलिस ने झोपड़ी में रह रही महिला को शांतिभंग मामले में कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि पुलिस की सक्रियता की वजह से ही बड़ा हादसा टाला जा सका है. बताते हैं कि जब जेसीबी ने अस्थाई कब्जा हटाना शुरू किया. उसी दौरान झोपड़ी में आग लग गई. किंतु मौके पर मौजूद कमलापुर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए जेसीबी से जलते हुए छप्पर को दूर फिंकवाया तथा आग पर काबू पाया. इस सम्बंध में गिरफ्तार महिला लज्जावती ने मीडिया के सामने बयान दिया है कि हमारी झोपड़ी हटाने लोग आए थे. मुझ पर आरोप लगाया जा रहा है कि हम आत्महत्या करने जा रहे हैं, लेकिन मेरे छोटे बच्चे हैं, मैं क्यों ऐसा करुंगी. इसके बाद आग लगने का कारण बताते हुए लज्जावती ने बताया कि चूल्हे में खाना बन रहा था, उस वक्त. इसी वजह से आग लग गई. तो इसी के साथ उसने ये भी बताया कि कब्जा हटाने से पहले उसे नोटिस भी दिया गया था.
बता दें कि यूपी के कानपुर देहात में 13 फरवरी को कब्जा हटाने के लिए जेसीबी के साथ पुलिस-प्रशासन पहुंचा था. इसके बाद झोपड़ी के अंदर महिला और उसकी बेटी ने आग लगा ली थी, जिससे मौके पर ही दोनों जिंदा जल कर राख हो गई थीं. (फोटो वायरल वीडियो से ली गई है)
यहां देखें वीडियो