Chandrayaan-3 New Update: चंद्रयान-3 की सफलता के लिए मंदिर में 2 घंटे में फोड़े गए 6000 नारियल, देखें वायरल वीडियो, वैज्ञानिक बोले-100 प्रतिशत सफल रहा पहला चरण
Chandrayaan-3 New Update: भारत में चंद्रयान के सफल लांचिंग को लेकर पूरा देश उत्साहित है. इसको लेकर लांचिंग के दूसरे दिन भी देश भर में उत्साह देखा गया तो वहीं सोशल मीडिया से लेकर समाचार चैनलों तक इसके अपडेट सामने आते रहे. इसी बीच खबर सामने आ रही है कि चंद्रयान-3 की सफल लांचिंग को लेकर 14 जुलाई को श्री अयप्पा मंदिर, बांगुर नगर, मुंबई में 2 घंटे में 6000 नारियल फोड़े गए. एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि चंद्रयान की सफल लांचिंग को लेकर ही मंदिर में नारियल फोड़े गए हैं.
बता दें कि चांद पर पानी की खोज के लिए ये चंद्रयान गया है और 23 अगस्त को वहां लैंड करेगा. इस बीच चंद्रयान को लेकर नया अपडेट भी सामने आ गया है. विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र के निदेशक एस उन्नीकृष्णन नायर ने अपडेट देते हुए मीडिया को जारी बयान में कहा है कि, आज से ऑनबोर्ड थ्रस्टर्स को फायर किया जाएगा और चंद्रयान 3 कोचंद्रमा की सतह पर उतरने के लिए पृथ्वी से दूर ले जाया जाएगा। इसी के साथ उन्होंने आगे कहा है कि, वाहन प्रणालियों ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है. अंतरिक्ष यान को जो भी प्रारंभिक स्थितियां चाहिए थीं, हमने बहुत कुछ प्रदान किया है. ठीक है और चूंकि प्रयोग का पहला चरण 100 प्रतिशत सफल रहा है. अंतरिक्ष यान भी बहुत अच्छी कंडीशन में है. चंद्रयान-3 की लांचिंग 14 जुलाई को हुई है.
जानें क्या है चंद्रयान-3 का उद्देश्य
बता दें कि चंद्रयान-3 की मदद से इसरो चांद पर पानी और खनिज की मौजूदगी का पता लगाना चाह रहा है. अगर, दक्षिणी ध्रुव पर पानी और खनिज मिलता है, तो यह विज्ञान के लिए बड़ी कामयाबी होगी। नासा के अनुसार, चांद के दक्षिणी ध्रुव पर बर्फ है और यहां कई और प्राकृतिक संसाधन भी मिल सकते हैं।
इतने बजट में हुआ तैयार
मीडिया सूत्रों के मुताबिक चंद्रयान-3 मिशन का बजट करीब 615 करोड़ रुपये रहा है. यह चंद्रयान-2 के लिए आवंटित राशि से भी काफी कम है. मालूम हो कि पिछले मिशन के लिए 960 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया था। तो वहीं, चीन ने अपने मून मिशन पर 69.38 लाख करोड़ और अमेरिका ने मून मिशन पर 825 लाख करोड़ रुपए खर्च किए हैं।