UP Politics: “ये रिश्ता क्या कहलाता है”, भाजपा और चंद्रशेखर को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने साधा निशाना, कहा दलितों की हितैषी है कांग्रेस, चलेगा ये बड़ा अभियान
UP Politics: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर सभी राजनीतिक दल ताल ठोक रहे हैं तो इसी बीच कांग्रेस भी अपनी रणनीति के साथ तैयार है और कांग्रेस को दलितों की हक की लड़ाई लड़ने वाला बताया है. तो वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि, आज देश में संविधान पर खतरा मंडरा रहा है। अनुसूचित जाति/जनजाति, पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को खत्म करने की साजिश लगातार रची जा रही है।
राहुल गांधी कर रहे हैं संघर्ष
खाबरी ने कहा कि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी संविधान को बचाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं पूरी कांग्रेस पार्टी देश भर में संविधान को बचाने के लिए आवाज उठा रही है। सिर्फ वोट बैंक मानने वाले लोग आज दलितों, पिछड़ों के हक में आवाज उठाने के बजाए चुप्पी साधे हैं, दलितों पिछड़ों के हक और हकूक के लिए और संविधान की रक्षा के लिए उ0प्र0 में कांग्रेस पार्टी प्रदेश के सभी जिलों में ‘‘संविधान बचाओ संकल्प सभा’’ का आयोजन कर रही है। सभी लोगों को एकजुट होकर कांग्रेस पार्टी के साथ आगे आना होगा। ये बातें बृजलाल खाबरी ने मुख्य अतिथि के रूप में आगरा के संतकबीर आश्रम में ‘‘वृहद स्तर पर आयोजित जाटव समाज के बुद्धिजीवी सम्मेलन’’ में व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता उ0प्र0 सरकार के पूर्व मंत्री जी0पी0 पुष्कर एवं संचालन बच्चन सिंह ने किया। कार्यक्रम की शुरूआत भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर मार्ल्यापण से हुई। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी को अंग्रवस्त्र एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
चंद्रशेखर के खिलाफ कोई मुकदमा नहीं क्यों?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आजाद पार्टी के अध्यक्ष चन्द्रशेखर के सवाल पर कहा कि भाजपा के खिलाफ जो भी आवाज उठाता है उसे फर्जी मुकदमें में जेल भेज दिया जाता है या अन्य तरीके से प्रताड़ित किया जाता है लेकिन क्या कारण है कि चन्द्रशेखर जो भाजपा के खिलाफ इतना कुछ बोलते हैं उनके खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं होता है यह रिश्ता क्या कहलाता है?
बसपा रही असफल
जाटव समाज के इस बुद्धिजीवी सम्मेलन में जाटव समाज के प्रतिनिधियों ने जोर देकर कहा कि बहुजन समाज पार्टी संविधान और समाज की रक्षा करने में पूरी तरह असफल है। बसपा मुखिया अब तो दलितों पर होने वाले अत्याचारों पर भी मौन रहती हैं। वक्ताओं ने एक सुर में कहा कि समाज का नुकसान हो रहा है संविधान को कौन बचाने वाला है इस पर काफी चिन्तन मंथन के उपरान्त वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब डा0 भीमराव अम्बेडकर द्वारा लिखित संविधान, लोकतंत्र एवं समाज की रक्षा केवल श्री राहुल गांधी जी एवं कांग्रेस पार्टी ही करती दिख रही है। ऐसे में दलित समाज को पूरी ताकत के साथ कांग्रेस से जुड़ने की जरूरत है।