Lucknow Big News: नहीं मिली एम्बुलेंस, महिला ने बीच सड़क लखनऊ राजभवन के सामने दिया बच्चे को जन्म, शिशु की हुई मौत, मचा सियासी घमासान, अखिलेश ने कसा तंज, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बच्चे को ले गए बैकुंठ धाम, देखें सभी वायरल वीडियो

August 13, 2023 by No Comments

Share News

Lucknow Big News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में उस वक्त सियासी घमासान मच गया, जब एम्बुलेंस न मिलने पर एक गर्भवती महिला पेट में दर्द होने के बाद रिक्शे से पति के साथ अस्पताल जा रही थी, लेकिन बीच सड़क इतनी तेज दर्द उठा कि, राजभवन के सामने ही सड़क किनारे वह लेट गई. ये देखकर रास्ते में जा रही महिलाएं और लड़कियां रुकीं और महिलाओं ने अपनी साड़ी खोलकर प्रसव से पीड़ित महिला को ढका और फिर महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया.

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने इस मामले का संज्ञान लिया और महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया. इस दौरान नवजात शिशु की मौत होने के बाद शासन-प्रशासन में हड़कम्प मच गया तो वहीं बेटे को जन्म देने के तुरंत बाद ही खो देने वाली महिला के साथ ही उसके परिजनों का भी रो-रो कर बुरा हाल था. वहीं इस पूरी घटना को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्विटर पर वीडियो ट्विट करते हुए योगी सरकार पर हमला बोला और कहा कि, “एक तो उप्र की राजधानी लखनऊ, उस पर राजभवन के सामने… फिर भी एंबुलेंस के न पहुँचने की वजह से एक गर्भवती महिला को सड़क पर शिशु को जन्म देना पड़ा। मुख्यमंत्री जी इस पर कुछ बोलना चाहेंगे या कहेंगे ‘हमारी भाजपाई राजनीति के लिए बुलडोज़र ज़रूरी है, जनता के लिए एंबुलेंस नहीं।’

स्वास्थ्य विभाग की खुली पोल
राजभवन के गेट नंबर 13 के सामने रविवार की दोपहर गर्भवती महिला ने सड़क पर बच्चे को जन्म देकर स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खोल दी है. महिला पति के साथ रिक्शे से अस्पताल जा रही थी तभी उसे लेबर पेन हुआ और आसपास की महिलाओं की मदद से सड़क पर ही उसकी डिलीवरी कराई गई. हालांकि, बच्चा प्रीमेच्योर था और इसी वजह से उसकी मौत हो गई लेकिन कहीं न कहीं इस पूरी घटना का जिम्मेदार स्वास्थ्य सेवा भी है, अगर समय पर एम्बुलेंस मिल जाती तो महिला समय पर अस्पताल पहुंच सकती थी और फिर शायद उसके बच्चे को बचाया जा सकता था. तो वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने प्रमुख सचिव स्वास्थ्य को जांच के आदेश दिए. महिला का हाल-चाल लेने डिप्टी सीएम अपनी पत्नी नम्रता पाठक के साथ अस्पताल पहुंचे और उसके इलाज की व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई. यही नहीं, महिला के पति को अपनी गाड़ी में बैठकर बैकुंठ धाम तक ले गए और बच्चे के शव का क्रियाकर्म कराया.

मजदूरी करता है महिला का पति
मीडिया सूत्रों के मुताबिक मूल रूप से बाराबंकी निवासी बृजेश कुमार सोनी की पत्नी के साथ ये घटना हुई है. वह करीब 17 साल से यहां माल एवेन्यू में रहकर मजदूरी कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि, उनकी पत्नी रूपा गर्भवती थी. आज दोपहर वह पत्नी को रिक्शा से अस्पताल ले जा रहे थे, तभी यह घटना हुई. फिलहाल रूपा को हजरतगंज स्थित झलकारीबाई अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. मीडिया सूत्रों के मुताबिक, महिला 4.5 महीने की गर्भवती थी. घर पर अचानक पेट में दर्द होने लगा. पति के साथ रिक्शे से झलकारी बाई अस्पताल के लिए आ रही थी. पेट में अधिक दर्द होने के कारण रिक्शे से उतरना पड़ा. वहीं राजभवन के सामने राहगीर महिलाओं की मदद से डिलीवरी करवाई गई. इस दौरान नवजात शिशु की मौत हो गई. महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और उसका इलाज जारी है.

यहां देखें वीडियो