BJP Office: भाजपा कार्यालय में पड़ा मिला शव…मचा हड़कम्प, शरीर पर नहीं थे कपड़े, पुलिस ने शुरू की जांच
BJP Office: असम के कछार जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है यहां भाजपा कार्यालय गुरुवार को एक 43 साल के शख्स का शव रहस्यमय तरीके से मिला है. इस पूरी घटना को लेकर पुलिस ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि, शव के शरीर पर कपड़े नहीं थे. फिलहाल पुलिस इस मामले की छीनबीन कर रही है, लेकिन इस घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और जिसने भी इस खबर को सुना वह अवाक रह गया है.
मीडिया सूत्रों के मुताबिक मृतक की पहचान सुधांगशु दास के तौर पर की गई है. गुरुवार की सुबह उनको सिलचर शहर के इटखोला इलाके में स्थित भाजपा कार्यालय के वीआईपी कमरे में मृत पाया गया है. तो वहीं इस पूरे मामले को लेकर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का बयान सामने आया है और उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर कोई भी इस मृत शख्स को जानता है तो सामने आए. फिलहाल पुलिस अभी मौत की वजह तलाशने में जुटी है.
अभी पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. इस पूरी घटना को लेकर पुलिस के सामने जानकारी आई है कि मृतक व्यक्ति पिछले एक साल से कैंटीन में काम करने वाले नाटू राय के साथ काम करता था. नाटू ने ही इसकी जानकारी भाजपा जिला अध्यक्ष बिमलेंदु राय को दी थी. तो वहीं बिमलेंदु ने मृतक व्यक्ति को कार्यालय का कर्मचारी होने से इंकार किया है और कहा कि इसकी उनको जानकारी नहीं थी. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है. इसी बीच पुलिस अधीक्षक नुमल महत्ता का बयान भी सामने आया है और कहा है कि इस मामले में जांच जारी है और हर बिंदुओं पर जांच की जा रही है.