AKTU News: फार्मा स्टार्टअप के लिए एकेटीयू का बड़ा कदम…

September 18, 2025 by No Comments

Share News

AKTU News: डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के इनोवेशन हब में पंजीकृत स्टार्टअप अब सेंट्रल ड्रग रिसर्च इंस्टीट्यूट (CDRI) में अपने शोध का क्लीनिकल ट्रायल कर सकेंगे। छात्रों को इस दौरान सीडीआरआई के विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी मिलेगा। यह सुविधा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय मंत्री एवं सी एस आई आर के वाइस प्रेसीडेंट जितेंद्र सिंह की उपस्थिति में एकेटीयू एवं सीडीआरआई के बीच हुए एमओयू के तहत मिलेगी।

कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय एवं सीडीआरआई के निदेशक ने एमओयू का आदान-प्रदान किया। इस दौरान कार्यवाहक कुलसचिव केशव सिंह भी मौजूद थे. दोनों संस्थानों के बीच हुए एमओयू का फायदा फार्मा के क्षेत्र में कार्य कर रहे स्टार्टअप को मिलेगा। फार्मा क्षेत्र में सबसे महत्वपूर्ण होता है क्लीनिकल ट्रायल। यह सुविधा सीडीआरआई सहित कुछ गिने चुने संस्थानों में ही है।

इस तरह से क्लीनिकल ट्रायल की सुविधा मिलने से स्टार्टअप अपने शोध की परख आसानी से कर सकेंगे। यही नहीं, सीडीआरआई में मौजूद उच्चस्तरीय लैब में स्टार्टअप अपने प्रोडक्ट पर कार्य कर सकेंगे। संस्थान में बायोटेक्नोलॉजी लैब सहित अन्य कई उच्चक्षमता वाले लैब हैं। इसके अलावा स्टार्टअप को सीडीआरआई के विशेषज्ञ मेंटारिंग सहायता भी प्रदान करेंगे। ताकि उनका स्टार्टअप सफल हो सके।

प्रदर्शनी में सीडीआरआई के स्टार्टअप को मिलेगा अवसर

एमओयू के तहत सीडीआरआई के स्टार्टअप विश्वविद्यालय में लगने वाले स्टार्टअप प्रदर्शनी में शामिल हो सकेंगे। इनोवेशन हब की ओर से समय-समय पर प्रदर्शनी लगायी जाती है। साथ ही इसमें शामिल होने पर स्टार्टअप को काफी फायदा होता है। प्रदर्शनी में न केवल निवेशकों की नजर रहती है बल्कि प्रोडक्ट का प्रचार-प्रसार भी होता है। ए के टी यू के स्टार्टअप को डीन इनोवेशन प्रो0 बीएन मिश्रा, एसो0 डीन डॉ0 अनुज कुमार शर्मा आगे बढ़ाने में मदद कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें-Pitru Paksha: अगर सपने में दिख रहे हैं पूर्वज… जानें क्या देते हैं संकेत?