Petrol Diesel Crisis: पेट्रोल-डीजल और गैस की किल्लत के बीच सीएम योगी का बड़ा बयान…”हमको मानसिक रूप से तैयार होना होगा”

March 26, 2026 by No Comments

Share News

Petrol Diesel Crisis: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच सीएम योगी का बड़ा बयान आया है. उन्होंने कहा कि अगर यह युद्ध लंबा खिंचता है तो हर कोई प्रभावित होगा. इसलिए हमको मानसिक रूप से तैयार होना होगा और अफवाहों पर जरा भी ध्यान न दें. उन्होने ये भी कहा है कि जब आपत्ति, या कोई चुनौती आती है तो इसका मुकाबला करने के लिए व्यक्ति को सरकार के साथ मिलकर कदम से कदम मिलाकर चलना चाहिए. इसी को सच्ची राष्ट्रभक्ति कहते हैं.

गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ये बात कही. सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता को सलाह देते हुए कहा है कि हम लोग उसके लिए अपने आप को तैयार रखना चाहिए. देश के हित में सरकार ने कोई कदम उठाया है तो हम लोग उसके लिए अपने आप को तैयार करें लेकिन कुछ लोग हैं जो अफवाह फैलाकर माहौल खराब करना चाहते हैं.

तो इसी बीच लखनऊ पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी आलोक त्रिवेदी का बयान सामने आया है जिसमें उन्होंने दावा किया है कि “पूरे राज्य में पेट्रोल की कोई कमी नहीं है. सभी तेल कंपनियां यह पक्का कर रही हैं कि राज्य के लोगों को कोई दिक्कत न हो.” हालांकि स्थिति इन दावों से इतर है. कल रात ही राजधानी लखनऊ के कई पेट्रोल पम्प समय से पहले बंद मिले. तो वहीं दिन में किसी पेट्रोल पंप पर सन्नाटा रहा तो वहीं कुछ में अधिक भीड़. दिन में गोमतीनगर विभूति खंड इंडियन पेट्रोल पंप पर वाहनों की भारी भीड़ देखने को मिली तो वहीं हजरतगंज में कई पंप पर पेट्रोल न होने की वजह से सन्नाटा पसरा दिखा.

petrol diesel gas shortage..

गोमतीनगर विभूति खंड इंडियन पेट्रोल पंप पर वाहनों की भारी भीड़

सरकार ने किया ये दावा

बता दें कि इस सम्बंध में बुधवार को ही केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया था कि देश में पेट्रोल, डीजल या रसोई गैस (LPG) की कोई कमी नहीं है. इसी के साथ ही सरकार ने देश की जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर भरोसा न करें और न ही घबराहट में गैस बुकिंग करें.

कच्चे तेल का किया जा रहा है भंडारण

मालूम हो कि ईरान, इजरायल और अमेरिकी युद्ध के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में लगातार तनाव जारी है. इस वजह से रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने बताया कि सभी तेल रिफाइनरी कच्चे तेल के पर्याप्त भंडार के साथ पूरी क्षमता से काम कर रही हैं.

साथ ही उन्होंने दावा किया कि देशभर में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है. उन्होंने बिक्री केंद्र सामान्य रूप से संचालित होने का भी दावा किया है. तो वहीं गैस सिलेंडर को लेकर भी सरकार ने दावा किया है कि भंडार पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और रसोई गैस सिलेंडर की डिलिवरी सामान्य रूप से जारी है.

शर्मा ने ये भी कहा है कि पिछले 25 दिन में 2.5 लाख नए पीएनजी कनेक्शन दिए गए हैं और 2.20 लाख एलपीजी उपभोक्ताओं ने पीएनजी का विकल्प चुना है. घरेलू पीएनजी और सीएनजी वाहनों के लिए शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है. जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ राज्यों में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. यानी अब तक 2,700 से अधिक छापेमारी करते हुए करीब 2,000 सिलेंडर जब्त किए गए और 155 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

जा रहे थे ब्लैक में बेचने

मालूम हो कि उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में तेल की कालाबाज़ारी का एक बड़ा मामला देखने को मिला. इटवा पुलिस को चेकिंग के दौरान 522 लीटर हाई स्पीड डीजल और 45 लीटर पेट्रोल बरामद मिला है. तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. खबर सामने आ रही है कि आरोपी डीजल और पेट्रोल ब्लैक में बेचने के लिए ले जा रहे थे लेकिन पुलिस ने बीच में ही पकड़ लिया. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.

ये भी पढ़ें-तेज धमाका और फिर सब धुआं-धुआं… अमेरिका की ऑयल रिफाइनरी में बड़ा विस्फोट; ईरान ने युद्ध रोकने को रखी ये 6 शर्तें-Video