मैं ब्राह्मण हूं इसलिए धमकी दी और नम्बर कम कर दिए… छात्रा की शिकायत के बाद प्रधानाचार्य बर्खास्त-Video

Share News

Ayodhya: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक युवती ने आरोप लगाया है कि वह जिस स्कूल में पढ़ती है उसके प्रधानाचार्य उसे ब्राह्मण होने की सजा दे रहे हैं. छात्रा का दावा है कि उसे ब्राह्मण होने के कारण ही परेशान किया जा रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में छात्रा ने बताया कि प्रधानाचार्य ने उसका जीवन बर्बाद कर देने की धमकी दी और प्रैक्टिकल में जानबूझकर नम्बर दिए गए.

मामला उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के आजाद इंटर कॉलेज, कुचेरा से सामने आया है. यहां कक्षा 10 में पढ़ने वाली छात्रा नंदिनी मिश्रा ने आरोप लगाया है कि प्रधानाचार्य गोविंद नाथ ने उसका जीवन बर्बाद कर देने की धमकी दी थी. इसी वजह से प्रैक्टिकल में कम नम्बर दिए. इसकी शिकायत करने पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने जांच कराई तो छात्रा की शिकायत सही पाई गई. इसके बाद गोविंद नाथ को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है.

छात्रा ने इसी विद्यालय परिसर में संचालित सहायता प्राप्त जूनियर विद्यालय के प्रधानाध्यापक देवकुमार यादव पर भी आरोप लगाए हैं. इनके ऊपर भी जांच चल रही है. इसी बीच छात्रा ने वीडियो जारी कर बताया है कि देव कुमार यादव उर्फ बिल्लू के भाई रिंकू यादव के द्वारा उसे लगातार धमकाया जा रहा है कि तुम पैरवी मत करना. छात्रा नंदिनी मिश्रा ने बताया कि वह एक एक शादी समारोह में थी जहां रिंकू यादव ने उससे कहा कि तुम बचकर रहना तुम्हारे साथ कुछ भी हो सकता है. इस धमकी के बाद से छात्रा डरी हुई है और पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. छात्रा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी न्याय की गुहार लगाई है.

ये भी पढ़ें-लेफ्टिनेंट जनरल NS राजा सुब्रमणि बने देश के नए CDS…उनके बारे में जानें सब कुछ