Twisha Sharma Death Case: हाई प्रोफाइल शादी 5 महीने में खत्म…रिटायर महिला जज ने बहू पर लगाए गम्भीर आरोप; चैट ने खोले कई राज-Video

Share News

Twisha Sharma Death Case: भोपाल में महिला जज की बहू ट्विशा शर्मा की संदिग्ध हालत में हुई मौत सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रही है. यह मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है. इस मामले में अब ट्विशा का आखिरी इंस्टाग्राम चैट सामने आया है जिससे शक की सुई सीधे ससुरालवालों की तरफ घूम गई है.

तो वहीं फांसी के फंदे पर लटकी मिली ट्विशा शर्मा के शरीर पर कई चोटें भी मिली है. अब सवाल ये है कि ट्विशा ने खुद फांसी लगाई या फिर उसे मारकर लटकाया गया? फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है.

तो वहीं इस पूरे मामले में ट्विशा के माता-पिता और भाई न्याय की गुहार लगाने के लिए नोएडा से सीएम आवास के बाहर धरने पर बैठे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन के बाद मृतका के पिता और भाई ने मुख्यमंत्री के ओएसडी से मुलाकात की और दो प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि शव का दोबारा पोस्टमार्टम दिल्ली एम्स में कराया जाए और इस मामले की सुनवाई किसी अन्य राज्य में की जाए.

बता दें कि भोपाल एम्स की मर्चुरी में ट्विशा शर्मा का शव पिछले 7 दिनों से रखा हुआ है और अब उसके डीकंपोज करने का प्रोसेस शुरू हो गया है. इसको लेकर प्रशासन का कहना है कि जब तक कोर्ट से अनुमति नहीं मिलती, शव का दोबारा पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सकता.

दिसम्बर 2025 में हुई थी शादी

ट्विशा नोएडा की रहने वाली थीं. उनकी शादी दिसंबर 2025 में मध्य प्रदेश के भोपाल की रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के वकील बेटे समर्थ से हुई थी. दोनों की मुलाकात डेटिंग ऐप के जरिए हुई. पहले दोस्ती और फिर प्यार के बाद धूमधाम से शादी हुई. ट्विशा मिस पुणे रह चुकी थीं और मॉडलिंग के साथ ही कई फिल्में में काम भी किया. शादी के बाद कुछ समय तक सब सही रहा, लेकिन धीरे-धीरे ट्विशा मानसिक तनाव में रहने लगी और परेशान भी. शादी के कुछ समय बाद ट्विशा का अबॉर्शन भी हो गया. ट्विशा की चैट से सामने आया है कि पति ने उस पर आरोप लगाते हुए ये भी पूछा था कि ये किसका बच्चा है? इससे वह और भी तनाव में रहने लगी. उसने अपनी मां को मैसेज कर ले जाने के लिए कहा था और कहा था कि ये लोग मुझ पर शक करते हैं.

इसके बाद 12 मई 2026 की रात घर में ट्विशा का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला. हालांकि जांच रिपोर्ट ट्विशा की आत्महत्या की बात कह रही है लेकिन उसकी बॉडी पर चोटों के निशान मिलने के कारण इस मौत पर कई सवाल खड़े किए हैं.

सहेली मीनाक्षी को भेजे थे मैसेज

ट्विशा ने मौत से कुछ दिन पहले ही अपनी दोस्त मीनाक्षी से मैसेज के जरिए बात करते हुए कहा था कि वह अपनी मैरिड लाइफ में परेशान चल रही है. उन्होंने लिखा था कि मैं फंस गई हूं यार… तुम मत फंसना. ज्यादा बात नहीं कर सकती, सही समय आने पर कॉल करूंगी.

व्हाट्सएप चैट सामने आने के बाद ये बात तो साफ हो गई कि ट्विशा शादी के बाद से ही मानसिक और शारीरिक तनाव से गुजर रही थीं. तो वहीं यह चैट अपनी मौत से करीब पांच दिन पहले ट्विशा ने अपने माता-पिता को भेजी थी जिसमें लिखा था कि वह बहुत परेशान हैं और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि अम्मा नहीं सुन रही हैं. मुझे ही समझाती रहती हैं. मैं बहुत परेशान हूं, ये लोग बहुत घटिया हैं. समर्थ पूछता है कि मेरे पेट में किसका बच्चा है. मुझे यहां से ले जाओ. ये सब बहुत ज्यादा निर्दय हैं मम्मी. इन मैसेजों में ट्विशा शर्मा ने अपने साथ हो रहे उत्पीड़न और दर्द बताया था.

ट्विशा पर लगाए गम्भीर आरोप

रिटायर जज गिरिबाला सिंह ने कोर्ट में जमानत अर्जी में बहू ट्विशा पर ड्रग्स लेने का गंभीर आरोप लगाया है और दावा किया है कि उसका इलाज चल रहा था. साथ ही ये भी कहा कि उनकी बहू मानसिक रूप से बीमार थी. मालूम हो कि भोपाल जिला अदालत ने इस मामले में 15 मई 2026 को पूर्व जज गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत दे दी तो वहीं 18 मई 2026 को समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी गई है. हालांकि समर्थ सिंह अभी फरार है. ट्विशा के परिवार ने ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है और कहा है कि इसी वजह से ट्विशा की जान गई.

ये भी पढ़ें-वट सावित्री पूजा के दौरान बरगद पेड़ में लगी भयानक आग…जान बचाकर भागीं महिलाएं-Video