शिक्षकों की बड़ी लापरवाही…8 साल की छात्रा को स्कूल में ही बंद करके चले गए घर; बिलखती रही 5 घंटे तक-Video

Share News

Kasganj: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें करीब 8 साल की एक बच्ची कमरे में बंद दिखाई दे रही है और वह खिड़की से झांक रही है. वह रोती हुई दिख रही है. दरअसल खबर सामने आ रही है कि ये वीडियो उत्तर प्रदेश के जनपद कासगंज सहावर विकासखंड के ग्राम खितौली में स्थित प्राथमिक विद्यालय का है.

मास्टर साहब तो छुट्टी करके स्कूल में ताला बंद करके चले गए लेकिन कक्षा 03 की ये बच्ची स्कूल के कमरे में ही बंद हो गई. बताया जा रहा है कि मासूम करीब 05 घंटे तक बंद कमरे में अकेले होने के कारण रोती-बिलखती रही. इस घटना के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त हो गया है.

बताया जा रहा है कि घर न पहुंचने पर परिजन जब बच्ची को ढूंढने निकले तो स्कूल से रोने की आवाज सुनी. इस पर जब स्कूल पहुंचे तो बच्ची कमरे में बंद मिली. इसके बाद स्कूल में हड़कंप मच गया. जानकारी ग्राम प्रधान को दी गई. इस पर ग्राम प्रधान ने स्कूल के शिक्षक को इसकी जानकारी दी और फिर जैसे-तैसे करके बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

फिलहाल पीड़ित परिवार ने सहावर कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी है और दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. तो वहीं बच्ची के परिजनों का कहना है कि इस मामले में उनको न्याय मिले और इस तरह की घटना फिर से न हो, इसलिए दोषी पर कड़ी कार्रवाई की जाए.

ये भी पढ़ें-Muharram Procession: खाकी पहन दारोगा ने मुहर्रम जुलूस में की तलवारबाजी…VIDEO वायरल होते ही गिरी गाज