फौजी की 22 नवम्बर को होने वाली थी शादी…तिरंगे में लिपटा आया शव; आखिरी बार मां और होने वाली पत्नी से कही थी ये बात-Video
Aligarh: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से बेहद दुखद खबर सामने आ रही है. जिस किसी ने भी इस खबर को सुना उसकी आंखें नम हुए बगैर नहीं रह सकी. दरअसल फौजी करन चौधरी का 22 नवम्बर को विवाह होने वाला था और वह 16 नवम्बर को वह छुट्टी पर घर आने वाले थे. घर आए तो लेकिन तिरंगे में लिपटे हुए.
अचानक बेटे के शहीद होने की खबर ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. आखिरी बार करन ने अपनी मां और होने वाली पत्नी के साथ ही अपने एक दोस्त से बात की थी और 16 नवम्बर को छुट्टी पर आने व दिल्ली में आर्मी कैंटिन से शादी के लिए खरीदारी करने की बात कही थी.
बता दें कि मंगलवार यानी 17 नवम्बर की शाम को करीब 7 बजे को जब सेना की टुकड़ी करन चौधरी को तिरंगे में लिपटा हुआ लेकर छर्रा क्षेत्र के गांव सिरसा उनके घर लेकर पहुंची तो किसी को भी यकीन नहीं हुआ. ये सब कैसे और कब हुआ, इसको लेकर करीब दो घंटे की बातचीत और लिखित आश्वासन के बाद परिजनों ने सेना के जवान का पार्थिव शरीर स्वीकार किया।
इसके बाद रात 9 बजकर 20 मिनट पर पिता पप्पू सिंह ने बेटे को मुखाग्नि दी। पांच हजार से अधिक लोगों की मौजूदगी में सेना ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने जवान को अंतिम विदाई दी।
सिर और माथे पर लगी थीं दो गोलियां
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जवान के शव के साथ मिले दस्तावेजों ने परिवार की चिंता और बढ़ा दी है क्योंकि दस्तावेजों में करन के बेस कैंप में मृत मिलने और सिर-माथे पर दो गोलियां लगने की बात कही गई है लेकिन मौत की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं थीं।
परिजनों ने शव लेने से कर दिया था इंकार
फौजी की मृत्यु की स्थिति स्पष्ट न होने की वजह से परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। परिवार ने मांग की थी कि मौत की परिस्थितियां स्पष्ट की जाएं और करन को शहीद का दर्जा दिया जाए. करीब दो घंटे तक सेना और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बातचीत हुई. जिला सैनिक अधिकारी कर्नल अजय सिंह राना ने स्पष्ट किया कि शहीद का दर्जा देने का फैसला कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के बाद ही हो सकेगा। इसके बाद उन्होंने ये बात लिखित रूप से दी और इसी के बाद परिवार ने शव स्वीकार किया.
गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई
बता दें कि 17 नवम्बर की शाम को सेना शहीद का शव लेकर घर पहुंची और रात करीब 9 बजकर 20 मिनट पर ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया. सवाल ये है कि अंतिम संस्कार में इतनी जल्दबाजी क्यों की गई? तो वहीं फूट-फूट कर रो रही मां जिस बेटे को पांच दिन बाद दूल्हे के भेष में सजा हुआ देखने वाली थी तिरंगे में लिपटा हुआ देखकर बार-बार बेसुध हो जा रही है.
देर रात सेना की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर करन को अंतिम सलामी दी. पिता पप्पू सिंह ने अपने जवान बेटे को मुखाग्नि दी तो पूरा गांव फूट फूट कर रो पड़ा. इस दौरान करीब पांच हजार से अधिक लोग मौजूद रहे। सांसद सतीश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, एमएलसी ऋषिपाल सिंह, बोधपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गिरीश यादव समेत तमाम जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि दी। प्रशासन की ओर से एसपी देहात मनीष कुमार मिश्रा, एसडीएम सौरभ गुप्ता और सीओ एसके तोमर मौजूद रहे। तो वहीं सेना की 22 राष्ट्रीय राइफल्स के सूबेदार राजेंद्र सिंह के साथ ही मथुरा से सूबेदार सोमेश भी अंतिम विदाई में शामिल हुए।
शादी की हो चुकी थी पूरी तैयारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करन का विवाह पालीमुकीमपुर क्षेत्र के गांव भाऊपुर निवासी सोनवीर सिंह उर्फ छोटे चौधरी की इकलौती बेटी कल्पना के साथ होने जा रहा था. गोद भराई 16 अप्रैल को हो चुकी थी तो वहीं 22 नवम्बर को शादी थी. अतरौली के छर्रा रोड स्थित लॉज भी बुक हो चुका था और विवाह समारोह की पूरी खरीदारी हो चुकी थी. इस घटना के बाद से ही दोनों परिवारों में मातम पसर गया है.
ये हुई थी आखिरी बात
सोशल मीडिया पर वायरल खबरों के मुताबिक, करन ने आखिरी बार 14 नवंबर को फोन कर मां और होने वाली पत्नी से बात की थी. उन्होने कहा था कि 16 नवंबर को श्रीनगर से फ्लाइट लेकर वह दिल्ली पहुंचेगा और दिल्ली आर्मी कैंटीन से शादी के लिए कुछ सामान खरीदेगा और फिर गांव आकर खुद शादी के कार्ड बंटवाएगा।
तो वहीं शनिवार को नोएडा में रहने वाले अपने बुआ के बेटे मनवीर को भी फोन कर खुद के दिल्ली पहुंचने की बात कही थी. करन ने कहा था कि वह मंगलवार को दिल्ली पहुंचेगा और फिर साथ में शॉपिंग करेंगे व और फिर गांव चलेंगे. सभी करन के आने का इंतजार कर रहे थे लेकिन परिवार को क्या पता था कि करन आएगा तो लेकिन तिरंगे में लिपटा हुआ.
2020 में हुई थी भर्ती
करन सेना में वर्ष 2020 में भर्ती हुआ था और रांची में प्रशिक्षण प्राप्त किया था. पहली तैनाती लेह ग्लेशियर में हुई थी और बाद में जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा स्थित लोहलाम में 22 राष्ट्रीय राइफल्स बटालियन में उनको तैनाती मिली थी.
बड़े भाई भी हैं सेना में और पिता हैं किसान
करन के भाई संजय चौधरी भी सेना में जवान हैं तो वहीं पिता किसान हैं और खेती करते हैं. करन तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बटालियन के सीओ ने सोमवार की सुबह परिवार को उसकी मौत की सूचना दे दी थी। इस तरह से जिस दिन यानी 16 नवम्बर को करन छुट्टी पर घर आने वाला था लेकिन उसकी मौत की खबर आई. तभी से पूरे घर में मातम पसरा हुआ था. शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि करन के सिर और माथे पर दो गोलियां लगी हैं. फिलहाल परिवार को अब मौत की परिस्थितियां स्पष्ट होने का इंतजार है लेकिन बेटा तो चला गया. बुजुर्ग मां-पिता का सहारा छिन गया और जिससे साथ शादी हो रही थी उसके सारे सपने भी अधूरे रह गए.
View this post on Instagram
ये भी पढ़ें-Russia Plane Crash: भयानक विमान हादसा…प्लेन जलता हुआ सीधा जमीन पर गिरा, मारे गए सभी यात्री-Video