राजू श्रीवास्तव की हालत बिगड़ी, रखा गया वेंटीलेटर सपोर्ट पर, मुख्यमंत्री ने कहा हर सम्भव करेंगे मदद
जिम में वर्कआउट करते वक्त कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव (59) को बुधवार सुबह दिल का दौरा पड़ने के कारण दिल्ली के ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS) में भर्ती कराया गया था। ट्रेडमिल पर भागते वक्त वह बेहोश होकर गिर पड़े थे। हार्ट अटैक के दूसरे दिन सुबह राजू की हालत स्थिर थी, लेकिन अब खबर सामने आ रही है कि उनकी हालत फिर से बिगड़ गई है और उनको वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी पत्नी शिखा श्रीवास्तव से फोन पर बात की और हर सम्भव मदद देने का भरोसा दिलाया। बता दें कि सुबह ही मुख्यमंत्री ने राजू श्रीवास्तव की पत्नी से बात की थी और हाल-चाल जाना था। तब तक हालत स्थिर थी, लेकिन अब खबर सामने आ रही है कि उनकी हालत बिगड़ गई है। योगी ने राजू के परिवार वालों से हर वक्त फोन द्वारा सम्पर्क में रहने के लिए भी कहा है। बता दें कि राजू श्रीवास्तव 1990 के दशक से बॉलीवुड में सक्रिय हैं और बतौर कॉमेडियन के साथ ही हास्य अभिनेता के तौर पर काम भी किया है। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के चेयरमैन भी हैं।