Sonali Phogat:भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट मौत मामले में दोनों आरोपी को भेजा गया 10 दिन की पुलिस हिरासत में, दो अन्य को भी पुलिस ने दबोचा, 16 साल की बेटी ने मांगा न्याय, देखें वीडियो
पणजी। भाजपा नेत्री व अभिनेत्री सोनाली फोगाट मौत मामले में शनिवार को गोवा की एक अदालत ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में सोनाली के पीएस सुधीर सांगवान और सुखविंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया था। शनिवार को दोनों को अंजुना पुलिस ने मापुसा की एक अदालत में पेश किया गया था।
बता दें कि सोनाली के निजी सहायक सुधीर सांगवान और उसके साथी सिंह को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था तो वहीं शनिवार को दो अन्य को जिसमें अंजुना में कर्लीज रेस्तरां के मालिक और एक ड्रग डीलर को भी हिरासत में लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक उन टैक्सी ड्राइवरों से भी पूछताछ की जा रही है जो सांगवान और फोगाट को अंजुना के रेस्तरां के साथ ही अन्य स्थानों पर ले गए थे।
मालूम हो कि शुक्रवार को सुधीर और सुखविंदर को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस महानिरीक्षक ओमवीर सिंह विश्नोई ने कहा था कि सांगवान ने अपराध कबूल करते हुए कहा था कि वह पार्टी करने के बहाने सोनाली को कर्लीज रेस्तरां लेकर गया था और उसके पीने के पानी में कुछ अप्रिय पदार्थ मिला दिया था और फिर उसे जबरदस्ती सोनाली को पीने पर मजबूर किया था। इस दौरान उसके साथ सुखविंदर भी था।
विश्नोई ने मीडिया को बताया था कि जांच अधिकारी ने परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की है। बता दें कि फोगाट 22 अगस्त को गोवा पहुंचीं थीं और एक होटल में रुकी थीं। सोमवार की रात उनको बेचैनी महसूस हुई थी और दूसरे दिन सुबह उन्हें अंजुना के सेंट एंथोनी अस्पलात ले जाया गया था, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। बता दें कि उनके पति की 2016 में ही मृत्यु हो गई थी। वह अपने पीछे 16 साल की बेटी छोड़ गई हैं।