UP News: बरेली एसएसपी आफिस में जूतों की माला लेकर पहुंची महिला, मचा हड़कम्प, दरोगा को माला पहनाने की कोशिश, जड़े थप्पड़, कहा लूंगी बदला, देखें वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला ने हाथ में जूतों की माला ले रखी है और उसे कुछ महिला सिपाहियों व पुलिस अधिकारियों ने पकड़ रखा है।
वीडियो में दिखाया जा रहा है कि महिला ने दरोगा पर थप्पड़ बरसाए और उनके गले में जूतों की माला डालने की पूरी कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद अन्य महिला पुलिस कर्मियों ने उसे दबोच लिया। इसके बाद वह कह रही है कि मैं बदला लूंगी। इसके बाद वह खुद को छुड़ाने के लिए जमीन पर गिर जाती है और जमकर उपद्रव करती है। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।
बताया जा रहा है कि बहेड़ की रहने वाली महिला का कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। महिला की उम्र 45 साल की हो गई है, अभी तक उसकी शादी नहीं हुई है। महिला ने रेप का मुकदमा लिखवाया था, उसका आरोप है कि दारोगा ने रेप के मामले में पंचायत करवा दी और कार्रवाई भी नहीं की। इसके बाद दारोगा ने दो महीने पहले उसे जेल भिजवा दिया। सोमवार को महिला जूते और चप्पलों का हार बनाकर सीधे एसएसपी ऑफिस पहुंच गई। यहां प्रेम नगर थाने में तैनात दारोगा मोहित चौधरी पर उसकी नजर पड़ते ही वह आगबबूला हो गई और तुरंत उनके गले में जूतों का माला डालने का प्रयास करने लगी।
महिला जूते-चप्पलों की बनी माला से दारोगा पर हमलावर हो गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते महिला ने कई बार जूते-चप्पलों से दारोगा को पीट दिया। इस दौरान महिला पुलिस भी मौजूद थी, लेकिन वह महिला के आक्रोश के आगे लाचार दिखी। हालांकि बाद में जब पिटाई खा रहे दारोगा ने पकड़ने को बोला तो महिला को पकड़ा गया। इस दौरान मौके पर मौजूद फरियादियों ने इस घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इसी दौरान महिला के साथ ही दरोगा ने भी जमकर गालियों का इस्तेमाल किया।