UP: रेलवे प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच गिरा युवक, ऊपर से निकल गई ट्रेन, साहस और धैर्य से बचाई अपनी जान, वायरल हुआ दिल दहला देने वाला वीडियो
इटावा। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि रेलवे प्लेटफार्म के रेलवे पटरी पर ट्रेन तेजी से दौड़ रही है और प्लेटफार्म पर खड़े लोग कुछ बातचीत कर रहे हैं। इसी बीच ट्रेन निकल जाती है और एक शख्स उठकर खड़ा हो जाता है।
बताया जा रहा है कि ट्रेन पर चढ़ते वक्त युवक का पैर फिसल गया था और वो पटरियों के बगल में व प्लेटफार्म के नीचे जा गिरा था। वह तब तक वहां पर धैर्य व साहस के साथ लेटा रहा, जब तक ट्रेन गुजर नहीं गई। ट्रेन जैसी ही निकल के गई वह प्रभु के लिए हाथ जोड़ते हुए उठा, इसके बाद ही वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक यह घटना उत्तर प्रदेश (UP) के इटावा जिले के भरथना रेलवे स्टेशन की है। आगरा इंटरसिटी ट्रेन के 17 डिब्बों के गुजर जाने के दौरान भोला सिंह नाम का युवक खुद को धैर्य के साथ जरा सी जगह पर समेटे रहा। बताया जा रहा है कि घटना उस वक्त हुई थी जब भोला सिंह आगरा फोर्ट-लखनऊ जंक्शन इंटरसिटी के सामान्य वर्ग के डिब्बे में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे और उनका पैर फिसल गया और वह रेलवे प्लेटफार्म के नीचे जा गिरे और गाड़ी तुरंत चल दी। भरथना पुलिस चौकी प्रभारी राम बाबू सिंह ने इस सम्बंध में बताया कि चमत्कारिक रूप से बचे भोला को निजी क्लिनिक में ले जाकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया है।
यहां देखें वीडियो