Kanpur News: काकादेव की कोचिंग मंडी के गर्ल्स हॉस्टल में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय जैसा कांड, बाथरूम में नहाते समय लड़कियों के बनाए अश्लील वीडियो, छात्राओं ने कर्मचारी की जमकर की धुनाई और छीना उसका मोबाइल, सामने आया बड़ा सच

September 30, 2022 by No Comments

Share News

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से भी चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की तरह का ही कांड सामने आ रही है। यहां काकादेव की कोचिंग मंडी के एक गर्ल्स हॉस्टल में एमएमएस कांड हुआ है। गुरुवार को छात्राओं ने हॉस्टल के एक कर्मचारी को उस वक्त रंगेहाथ पकड़ लिया, जब वह एक छात्रा का नहाते वक्त का वीडियो बना रहा था। इस पर छात्राओं ने पहले तो उसे जमकर पीटा, इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने रावतपुर पुलिस ने आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर उसका मोबाइल जब्त कर लिया है।

मीडिया सूत्रों के मुताबिक कोचिंग मंडी में साईं निवास नाम का एक गर्ल्स हॉस्टल है, जिसमें करीब 70 छात्राएं रहती हैं। गुरुवार दोपहर एक छात्रा नहा रही थी। तभी कुछ छात्राओं ने वहां पर काम करने वाले सफाई कर्मी ऋषि को पकड़ लिया। वह छात्रा का नहाते हुए वीडियो बना रहा था। छात्राओं ने उसे पीटने के बाद पुलिस को बुलाकर सौंप दिया।

वहीं, थोड़ी देर बाद गुस्साईं छात्राएं रावतपुर थाने पहुंचीं और आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। एसीपी कल्याणपुर दिनेश कुमार शुक्ला समेत अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अफसरों ने छात्राओं को कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब वह शांत हुईं। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनन्द प्रकाश तिवारी ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है, इसलिए तत्परता से कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। एडीसीपी एंटी वूमेन क्राइम के नेतृत्व में टीम गठित की गई है, जो पूरे प्रकरण की जांच करेगी। विवेचना महिला इंस्पेक्टर ही करेंगी। जिनकी भी इसमें संलिप्तता होगी उस पर बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बाथरूम का दरवाजा बंद होने के बावजूद भी बना रहा था वीडियो
छात्रा ने पुलिस को बताया कि बाथरूम का दरवाजा बंद था। साइड से आरोपी मोबाइल भीतर डालकर वीडियो बना रहा था। तभी उसे अन्य छात्राओं ने देख लिया। यह घटना सामने आने के बाद छात्राओं ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने हो सकता है कि अन्य छात्राओं के भी वीडियो बनाए हों, इसकी जांच की मांग की है।

मोबाइल में छात्राएं देखकर रह गई दंग
हॉस्टल की छात्राओं ने बताया कि आरोपी का मोबाइल उन्होंने छीन लिया था, जिसमें दर्जनों अश्लील वीडियो थे। उसमें नहाते हुए कई छात्राओं के वीडियो शामिल हैं। एसीपी का कहना है कि मोबाइल को सील कर दिया गया है। फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, जो डाटा डिलीट भी हुआ होगा उसे भी रिकवर कराया जाएगा।

फरार हुआ केयरटेकर
एसीपी ने बताया कि मामले में आरोपी सफाई कर्मी व केयरटेकर मनोज पांडेय पर केस दर्ज किया गया है। जब छात्राओं ने हंगामा शुरू किया तो भनक लगते ही केयरटेकर फरार हो गया था। वार्डन भी गायब है। इसलिए पुलिस इन सभी पर शिकंजा कसेगी। जिस तरह की घटना हुई है, उसमें इन सभी को जिम्मेदार माना जा रहा है।