NAAC की परीक्षा में खरा उतरने के लिए IQAC टीम ने लखनऊ विश्वविद्यालय को दिए निर्देश, सभी विभागों का किया निरीक्षण, 11 से 13 जुलाई तक विशेषज्ञ करेंगे दौरा, छात्राओं ने दोपहर के भोजन के लिए किया आमंत्रित
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में आगामी NAAC टीम के निरीक्षण के पूर्व तैयारियों को लेकर आईक्यूएसी टीम ने विश्वविद्यालय के सभी विभागो का दौरा कर गहन निरीक्षण किया। सभी विभाग अच्छी तैयारी कर रहे है। टीम ने जिन विभागो मे कुछ कमी पाई उनको समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बता दें कि लखनऊ विश्वविद्यालय में PEER NAAC टीम का निरीक्षण होना प्रस्तावित है। पूरे विश्वविद्यालय में तैयारी ज़ोर शोर से चल रही है। शिक्षक प्रशासक ही नहीं छात्रों में भी इसको लेकर व्यापक उत्साह का माहौल है। इस NAAC टीम के दौरे के उपलक्ष्य में गोल्डन जुबली छात्रावास की समस्त छात्रायें भी योगदान देने के लिए उत्साहित दिखाई दे रही हैं।

मातृ दिवस पर विश्वविद्यालय की शोध छात्राएं राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल से मिली थीं और उनसे प्रेरणा लेकर एवं नई शिक्षा नीति को ध्यान में रखते हुए छात्र- छात्रायें पढ़ाई लिखाई के अतिरिक्त समग्र विकास में भी रूचि दिखाती रही है। इसके अंतर्गत खेलकूद, प्रतियोगिता, इण्टर हॉस्टल प्रतिस्पर्धा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मासिक पत्रिकाएँ एवं पाक कला जैसे कार्यक्रम आयोजित किये जा चुके हैं। इस मुहिम को आगे बढ़ाते हुए गोल्डन जुबली महिला छात्रावास की छात्राओं द्वारा NAAC PEER टीम के सदस्यों को अपने छात्रावास में स्वयं से पकाये दोपहर के भोजन के लिए आमंत्रित किया है। जिसके लिए इन छात्राओं ने अपने प्रोवोस्ट डा. केया पाण्डेय एवं चीफ प्रोवोस्ट प्रो. नलिनी पाण्डेय के द्वारा कुलपति लखनऊ विश्वविद्यालय प्रो आलोक कुमार राय से निवेदन किया है। कुलपति ने छात्राओं को आश्वासन दिया कि वो आने वाली टीम के कार्यक्रम में इसे सम्मिलित करने के निमित्त प्रयास करेंगे।