Jharkhand: स्कूली छात्रों ने शिक्षकों को पेड़ से बांधने के बाद की जमकर पिटाई, लगाए गम्भीर आरोप, वायरल हुआ वीडियो

August 31, 2022 by No Comments

Share News

झारखंड से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां कुछ छात्रों ने तीन शिक्षकों को पेड़ से बांधकर जमकर पिटाई की है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें छात्र कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि 10 छात्र प्रैक्टिकल के चलते फेल हुए हैं। छात्रों के जीवन से खिलवाड़ किया गया है। छात्र ये भी कह रहे हैं कि वायरल करना है ये वीडियो। लाइव चलाओ देश दुनिया को दिखाओ। हम लोगों का सही से प्रैक्टिकल नहीं लिया है। जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया है।

पीड़ित अध्यापकों ने इस मामले में अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि सुबह जब वे स्कूल पहुंचे तो कुछ छात्र आए और कहा कि स्कूल के बाहर मीटिंग है। इस पर शिक्षक वहां चले गए। इसके बाद 30-40 छात्रों ने मिलकर उनको रस्सी से पेड़ से बांध दिया और फिर डंडे से जमकर पिटाई की। शिक्षकों ने बताया कि बच्चों के नम्बर कम नहीं किए गए हैं।

मामला झारखंड के दुमका जिले के गोपीकंदर थाना क्षेत्र के आवासीय स्कूल से सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय प्रशासन पहुंचा और छात्रों को शांत कराया। इस सम्बंध में अनन्त कुमार झा, BDO गोपीकंदर ने बताया कि स्कूल में कुछ गतिरोध का मामला सामने आया है, सूचना मिलने पर प्रशासन की टीम पहुंची थी। जांच के क्रम में बच्चों के पास से मोबाइल मिला है, जिसे जब्त कर लिया गया है, जिसे अभिभावकों को सौंपा जाएगा, इस हिदायत के साथ कि बच्चों को स्कूल के लिए मोबाइल न दें।

वहीं इस पूरे मामले पर सुरेंद्र हेम्ब्रम, बीईओ गोपीकंदर ने मीडिया को जानकारी दी कि छात्रों ने आरोप लगाया है कि उनको प्रैक्टिकल में कम नम्बर दिया गया है। हालांकि इस सम्बंध में पूछने पर शिक्षकों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। (फोटो सोशल मीडिया)

यहां देखें वीडियो