UP News: महिला आईपीएस के आगे यूपी के इस जिले के भाजपा विधायक को जोड़ने पड़े हाथ, वायरल हुआ वीडियो
UP News: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स को महिला आईपीएस के सामने हाथ तक जोड़ने पड़ गए. यह वीडियो उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का बताया जा रहा है. जानकारी सामने आ रही है कि हाथ जोड़ने वाला कोई और नहीं बल्कि बुलंदशहर के सदर के भाजपा विधायक प्रदीप चौधरी हैं और महिला आईपीएस अनुकृति शर्मा हैं जो यहां बतौर एएसपी तैनात हैं.
खबर सामने आ रही है कि निकाय चुनाव के लिए नामांकन कराने पहुंते विधायक 10 मिनट लेट पहुंचे और तब कर नामांकन केंद्र का गेट बंद हो चुका था. उन्होंने पहले तो सत्ता की हनक दिखाई लेकिन फिर भी आईपीएस ने एक नहीं सुनी. इसके बाद वह हाथ जोड़ने लगे. इसी बीच उन्होंने प्रदेश सरकार में मंत्री अरुण सक्सेना से भी बात कराई. इस पर अनुकृति ने उनसे भी यही कहा कि अगर जिलाधिकारी कहेंगे तो ही अंदर जाने दूंगी. इस पर जिलाधिकारी को फोन किया गया तो उन्होंने हामी भर दी. इसके बाद उन्होंने विधायक को अंदर जाने दिया. इस दौरान वीडियो में विधायक कहते दिखाई दे रहे हैं कि “कोई ताकत नहीं जो रोक ले हमको. जिससे कहेंगी वह कहेगा. डीएम साहब भी कहेंगे और एसएससी साहब भी कहेंगे. हम छोटी राजनीति नहीं करते. हम आये थे तो जाने देतीं आपको पता है.”
मालूम हो कि यूपी में दो चरणों में नगर निकाय चुनाव होने जा रहे हैं, जिसमें 4 और 11 मई को वोटिंग होगी. प्रयागराज में पहले चरण यानी 4 मई को वोटिंग होगी. पहले चरण में 9 मंडल में वोटिंग होगी जिसमें सहारनपुर, मुरादाबाद, आगरा, झांसी, प्रयागराज, लखनऊ, देवीपाटन, गोरखपुर, वाराणसी हैं. इसके साथ ही दूसरे चरण में भी 9 मंडल में वोटिंग होगी. इसमें मेरठ, अलीगढ़, कानपुर, चित्रकूट, अयोध्या, बस्ती, आजमगढ़ और मिर्जापुर को शामिल किया गया हैं. वहीं 13 मई को चुनाव के नतीजे भी आ जाएंगे.