West Bengal: कांग्रेस के तीन विधायकों के पास से भारी मात्रा में मिला कैश, लिए गए हिरासत में, मंगवानी पड़ी नोट गिनने की मशीन, देखें वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के पंचला में शनिवार देर शाम झारखंड के एक कांग्रेस विधायक की गाड़ी से बड़ी मात्रा में कैश बरामद किया गया है। इस मामले में हावड़ा ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक स्वाति भंगालिया के मुताबिक एक SUV से कैश बरामद किया गया है। इस गाड़ी पर जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी का बोर्ड लगा हुआ था।
इस मामले में स्वाति ने मीडिया को जानकारी दी है कि अंसारी के अतिरिक्त झारखंड के दो अन्य विधायक, खिजरी (एसटी) विधानसभा क्षेत्र से राजेश कच्छप और कोलेबिरा (एसटी) विधानसभा क्षेत्र से नमन बिक्सल कोंगारी, उसी गाड़ी में यात्रा कर रहे थे, जिससे कैश बरामद हुआ है। दोनों कांग्रेस के विधायक हैं। फिलहाल ड्राइवर सहित कार में सवार अन्य पांच लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गाड़ी से 500 रुपयों से भरे बंडलों को बरामद किया गया है। इस सम्बंध में कोई भी दस्तावेज विधायक नहीं दिखा सके हैं। इसी के साथ पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी है कि फिलहाल बैंक एक स्थानीय बैंक से रुपए गिनने की मशीन मंगाई गई है। इसी के बाद जब्त धनराशि के बारे में पूरी सूचना दी जा सकेगी। इसी के साथ पुलिस अधिकारी ने ये भी बताया कि झारखंड पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई है। क्योंकि जब्त वाहन झारखंड में ही पंजीकृत है। साथ ही हिरासत में लिए गए तीन विधाय़क भी इसी राज्य के हैं।
तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि यह कांग्रेस और उसके बंगाल प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी की जिम्मेदारी बनती है कि वह इस पूरी बात का जवाब दें कि झारखंड से उनकी पार्टी के विधायक इतना कैश लेकर पश्चिम बंगाल क्यों आए। इसी के साथ घोष ने ये भी दावा किया कि चौधरी से इस बारे में बार-बार जानकारी ली गई, लेकिन वह कुछ बता नहीं सके।
वहीं पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार शाम को कार में भारी मात्रा में कैश होने की जानकारी मिलने के बाद ही पुलिस ने कार को ढूंढ निकाला था और नकदी जब्त कर ली थी और पंचला पुलिस स्टेशन में सभी पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है, जो गाड़ी में मौजूद थे।