Kanpur News: फरार सपा विधायक इरफान सोलंकी ने भाई संग किया सरेंडर, बिलख-बिलख कर रोए, देखें वायरल वीडियो

December 2, 2022 by No Comments

Share News

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। जाजमऊ आगजनी और रंगदारी मामले में फरार चल रहे सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। शुक्रवार सुबह पुलिस कमिश्नर के आवास पर पहुंचकर दोनों ने सरेंडर कर दिया। इस दौरान इरफान की आंखों में आसूं थे। इस मौके पर न केवल उनके साथ उनका परिवार था बल्कि विधायक अमिताभ बाजपेई, विधायक हसन रूमी आदि भी मौजूद रहे।

मीडिया सूत्रों के मुताबिक इरफान सोलंकी और उनके भाई लगभग 30 दिन से फरार थे। पुलिस कमिश्नर के आवास पर जब इरफान सरेंडर करने पहुंचे, तो उनकी आंखों में आंसू थे। मीडिया के किसी भी सवाल का उन्होंने जवाब नहीं दिया। मीडिया ने इरफान और रिजवान से पूछा कि आप इतने दिन से कहां हैं?

इस सवाल पर दोनों ही चुप्पी साध गए। उनके साथ पूरी फैमिली और सपा विधायक अमिताभ बाजपाई, नगर अध्यक्ष भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को उनके घर कुर्की की नोटिस चस्पा हो सकती थी, लेकिन इससे पहले ही इरफान ने सरेंडर कर दिया। विधायक और उनके भाई के खिलाफ यह कार्रवाई पड़ोसी महिला का घर फूंकने के आरोप में की जा रही है।

बताया जा रहा है कि दोनों का सालों से प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा है। डीसीपी क्राइम सलमान ताज पाटिल ने बताया कि सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोर्ट से उनके रिमांड की मांग की जाएगी। बता दें कि मामले में विधायक के परिवार ने प्रेसवार्ता करके कई तथ्य सामने रखे थे, लेकिन प्लॉट में आगजनी के मामले में फोरेंसिक रिपोर्ट से बड़ा खुलासा हुआ था।

घटनास्थल पर ज्वलनशील पदार्थ की पुष्टि हुई थी। पटाखे से आग लगने की पुष्टि नहीं हो सकी थी। ऐसे में फोरेंसिक रिपोर्ट भी साजिश की ओर इशारा कर रही है। इसी के बाद से इरफान अपने भाई के साथ फरार चल रहे थे। इस मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें पीड़ित पक्ष ने इरफान और उनके भाई रिजवान पर आरोप लगाया था। (फोटो-सोशल मीडिया)

यहां देखें वीडियो