Lucknow University: प्रवेश समिति की बैठक में लिए गए चार महत्वपूर्ण निर्णय, विद्यार्थियों से लेकर शिक्षकों के हित में लिए गए फैसले, इस पाठ्यक्रम की बढ़ेंगी सीटें
लखनऊ। मंगलवार को लखनऊ विश्वविद्यालय में प्रवेश समिति की बैठक कुलपति आलोक कुमार राय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में समिति द्वारा निम्न बिंदुओं पर निर्णय लिए गए। इसी के साथ शिक्षकों के साथ ही विद्यार्थियों के हित में भी महत्वपूर्ण फैसले किए गए।
30.08.2022 की कार्यवाही की सर्वसम्मति से पुष्टि की गयी तथा निर्णय लिया गया कि उक्त बैठक के बिन्दु संख्या 3 के अन्तर्गत पीएचडी अध्यादेश में प्रस्तावित संशोधनों का क्रियान्वन शैक्षिक सत्र 2021-22 से किया जाये, जिसके अन्तर्गत विश्वविद्यालय तथा सहयुक्त महाविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों का पीएचडी पाठ्यक्रम में प्रवेश अधिसंख्या (super numeric) सीटों पर हो सकेगा तथा उन्हें कोर्स वर्क ऑनलाईन माध्यम या MOOCs के माध्यम से भी करने का विकल्प होगा।
यूजीसी द्वारा दिये गये Dual Degree दिशा निर्देश को लखनऊ विश्वविद्यालय में लागू किये जाने पर समिति द्वारा अप्रैल, 2022 की यूजीसी Guidelelines for Pursuing Two Academic Programmes Simultaneously को अंगीकृत करते हुए लखनऊ विश्वविद्यालय में लागू करने पर अनुमोदन प्रदान किया गया।
सत्र 2023-24 से एमएससी फूड प्रोसेसिंग एण्ड फूड टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम में सीटों की संख्या 30 से बढ़ा कर 40 किये जाने पर सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया।
NEP 2020 के दृष्टिगत 12 छात्र / छात्राओं के स्थानान्तरण के सम्बंध में प्राप्त प्रत्यावेदनों पर समिति द्वारा सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि NEP 2020 के प्राविधानों के दृष्टिगत छात्र / छात्राओं के स्थानान्तरण की प्रस्तावित नीति का प्रस्ताव तैयार करने के लिए कुलपति द्वारा एक समिति का गठन किया जाय। इस क्रम में यह भी निर्णय लिया गया कि छात्र / छात्राओं द्वारा स्थानान्तरण के लिए प्राप्त आवेदनों का निस्तारण पूर्व निर्णयों के अनुसार किया जाय।