Lucknow: अब राजधानी का ई-ब्लाक चौराहा कहलाएगा “राजू श्रीवास्तव चौराहा”, मेयर संयुक्ता भाटिया ने पत्नी से किया ये महत्वपूर्ण वादा, देखें वीडियो

December 13, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। अब उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ई-ब्लाक क्षेत्र का चौराहा राजू श्रीवास्तव चौराहा कहलाएगा। 13 दिसम्बर 2022 को महापौर संयुक्ता भाटिया ने पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ० दिनेश शर्मा के साथ अपनी घोषणा के अनुरूप राजाजीपुरम के ई-ब्लाक चौराहे का नामकरण “राजू श्रीवास्तव चौक” रखते हुए लोकार्पण कर दिया है।

मंगलवार को दिवंगत हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए महापौर संयुक्ता भाटिया ने बताया कि किसी को रुलाना तो आसान होता है परन्तु किसी को हँसाना और किसी के चेहरे पर मुस्कान बिखेरना बहुत ही पुण्य का कार्य है। स्वर्गीय राजू इस नाते से महान कलाकार थे। महापौर ने कहा कि लखनऊ राजू श्रीवास्तव का दूसरा घर था। राजाजीपुरम में उनका ससुराल है। यहाँ अक्सर कई मंचो पर उनसे भेंट हो जाया करती थी। उनका असमय जाना असहनीय है और उनकी कमी को कोई पूरा नहीं कर सकता।

लखनऊ में उनके राजाजीपुरम स्थित ससुराल के निकट का ई ब्लॉक चौराहे का नाम उनके नाम से राजू श्रीवास्तव चौराहा करने की घोषणा मैंने श्रद्धांजलि सभा में की थी, जिसको नगर निगम कार्यकारिणी में पास कराया, जिसका लोकार्पण आज यहां किया गया है। यह लखनऊ वासियों की तरफ से स्वर्गीय राजू श्रीवास्तव को हमारी श्रद्धांजलि है। महापौर ने कहा कि इस चौराहे का सौंदर्यकरण भी कराया जाएगा, जिससे लखनऊ वासियों के दिलों में राजू श्रीवास्तव हमेशा जिंदा रहेंगे, उनकी याद हम सबके दिलों में सदैव बनी रहेगी। इस मौके पर महापौर ने स्वर्गीय राजू श्रीवास्तव की पत्नी शिखा श्रीवास्तव एवं उनके परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मैं सदैव सुख दुख में आपके साथ खड़ी हूँ, कोई भी आवश्यकता हो तो मेरे दरवाजे 24 घण्टे आपके लिए खुले है।