UP Politics: अखिलेश ने खाई मैगी और जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी की बढ़ गई मुश्किल, वायरल हुआ वीडियो, देखें क्या बोले सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष
कानपुर। जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी से मिलकर अखिलेश यादव क्या लौटे कि उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। जहां एक ओर अखिलेश की मैगी खाते वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है तो दूसरी ओर कानपुर जेल में बंद इरफान सोलंकी को एक नई चिंता खाए जा रही है।
खबर सामने आ रही है कि उनको अब कानपुर कारागार से महाराजगंज जेल शिफ्ट किया जाएगा। जेल प्रशासन ने शासन को पत्र लिखकर इसकी अनुमति मांगी थी। जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देकर, सपा विधायक को कानपुर जेल से शिफ्ट करने की मांग थी। (Image Source @yadavakhilesh)
इरफान को दूसरी जेल में शिफ्ट करने से उनकी मां, पत्नी और बच्चों के चेहरे पर मायूसी छा गई है। बता दें कि सपा विधायक इरफान सोलंकी विवादित प्लाट पर बनी झोपड़ी में आगजनी, फर्जी आधार कार्ड से हवाई यात्रा करने और बांग्लादेशी नागरिक को प्रमाणपत्र देने के मामले में बंद हैं। इसी सोमवार को अर्थात कल ही (19 दिसम्बर) को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने विधायक इरफान से मिलने के लिए जेल पहुंचे थे। फिलहाल खबर सामने आ रही है कि अखिलेश ने इसे बदले की भावना से की गई कार्रवाई बताई थी।
फरार इरफान ने किया था सरेंडर
मालूम हो कि सपा विधायक इरफान सोलंकी घटना के बाद से ही फरार चल रहे थे। बीते 3 दिसंबर को कानपुर पुलिस कमिश्नर के आवास पर उन्होंने फेसबुक लाइव करके खुद को सरेंडर किया था। पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया। इसके बाद इरफान को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। कानपुर जेल प्रशासन ने शासन को बीते 13 दिसंबर को पत्र लिखकर सपा विधायक को महाराजगंज जेल में शिफ्ट करने की अनुमति मांगी थी। मंगलवार को शासन की तरफ से इरफान को महाराजगंज शिफ्ट करने की अनुमति मिल गई है।
वीडियो हो रहा वायरल
वहीं बता दें कि सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव का मैगी खाते हुए वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वह कानपुर जेल में बंद इरफान सोलंकी से मिलने कानपुर गए थे और इसी दौरान उन्होंने गंगाबैराज के मैगी प्वाइंट पर अपने नेताओं के साथ मिलकर मैगी का लुत्फ उठाया।