AKTU: कौशल महोत्सव में एकेटीयू के इनोवेशन हब ने लिया हिस्सा
Lucknow: कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (MSDE) राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) के साथ श्रम और रोजगार मंत्रालय के सहयोग से और कौशल विकास उत्तर प्रदेश और उत्तर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर कौशल महोत्सव का आयोजन कर रही है। शनिवार को महोत्सव का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया। इस महोत्सव का उद्देश्य सभी क्षेत्रों में रोजगार के साथ स्थानीय युवाओं को सशक्त बनाने और अप्रेंटिसशिप के अवसरों को बढ़ावा देना है। इस महोत्सव में डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के इन्नोवेशन हब ने कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार राय के निर्देशन में प्रतिभाग किया।
इस मौके पर तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के प्रमुख सचिव सुभाष चंद शर्मा ने कहा कि अब तक रोजगार के लिए 24,878 आवेदकों ने पंजीकरण कराया है, जबकि ऑन द स्पॉट पंजीकरण प्रक्रिया जारी है और दो दिवसीय कौशल के दौरान जारी रहेगी। एकेटीयू का इनोवेशन हब भी अपने इनक्यूबेशन सेंटरों और इन सेंटरों पर इनक्यूबेट किए गए स्टार्टअप्स के साथ कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग ले रहा है। सुभाष चंद शर्मा ने स्टालों का भी दौरा किया और इनोवेशन हब टीम के साथ स्टार्टअप्स और इनक्यूबेशन मैनेजर्स के साथ बातचीत की। इस मौके पर इनोवेशन हब के हेड महीप सिंह वंदना शर्मा रितेश सक्सेना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में लखनऊ के “कॉल्विन तालुकदार कॉलेज” में दो दिवसीय कौशल महोत्सव का आयोजन किया गया है। युवाओं को अप्रेन्टिसशिप और रोजगार के अवसर देने के लिए लखनऊ में इसका आयोजन हुआ है। लखनऊ कौशल महोत्सव में 20 से अधिक सेक्टर्स की 112 बड़ी कम्पनियों ने भाग ले रही हैं। पोर्टल पर 26000 रजिस्ट्रेशन हुए हैं। एक दिन में 3500 से अधिक उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया गया है।