Lucknow: संस्कृत प्रतिभा खोज महायज्ञ…प्रतियोगिता के लिए इस लिंक पर जा करें आवेदन; इतनी होगी पुरस्कार राशि
Lucknow: उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, (भाषा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के अधीन) नया हैदराबाद, लखनऊ द्वारा संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार एवं विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति रुचि जागृत करने के उद्देश्य से “संस्कृत प्रतिभा खोज” प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का शुभारम्भ वर्ष 2023 में किया गया था और तब से यह प्रतियोगिता निरंतर सफलतापूर्वक आयोजित की जा रही है।
संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में कक्षा 6 से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। प्रतियोगिता का आयोजन जनपद, मण्डल एवं राज्य—इन तीन स्तरों पर किया जाएगा।
जनपद स्तर पर कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए संस्कृत गीत एवं संस्कृत सामान्य ज्ञान (बाल वर्ग) प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। वहीं मण्डल स्तर पर संस्कृत गीत, संस्कृत सामान्य ज्ञान ( युवा वर्ग), तथा श्लोकान्त्याक्षरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। श्लोकान्त्याक्षरी एवं संस्कृत सामान्य ज्ञान ( युवा वर्ग) प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन अर्हता परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।

राज्य स्तर पर लगभग 10 प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जिनमें श्लोकान्त्याक्षरी, तर्कसंग्रह कण्ठस्थ पाठ, लघुसिद्धान्त कौमुदी कण्ठस्थ पाठ, अष्टाध्यायी कण्ठस्थ पाठ, अमरकोश कण्ठस्थ पाठ , संस्कृत भाषण, श्रुतलेखन प्रतियोगिताएँ सम्मिलित हैं। प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रदेश के 75 जनपदों एवं 18 मण्डलों में किया जाएगा।
संस्कृत प्रतिभा खोज -2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन 10 जुलाई 2026 से प्रारम्भ हो चुके हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 15 अगस्त 2026 रात्रि 12:00 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट- upsanskritpratibhakhoj.com पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
जनपद स्तर की प्रतियोगिताएँ 24 अगस्त 2026 से 3 सितम्बर 2026 तक आयोजित की जाएँगी। जनपद स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः ₹1000, ₹800 एवं ₹700 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त तीन सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिनकी राशि ₹500 प्रति पुरस्कार होगी।
मंडल स्तरीय – ऑनलाइन अर्हता परीक्षा 10 सितंबर2026 से 19 सितंबर 2026 एवं मंडल स्तरीय प्रतियोगिता-20 सितंबर 2026 से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 3000 , 2000, एवं 1000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
विशेष बात यह है कि इस प्रतियोगिता में केवल संस्कृत विषय के विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि अन्य विषयों के विद्यार्थी भी भाग लेने के पात्र हैं, जिससे अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को संस्कृत भाषा से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता के संचालक डॉ. जगदानन्द झा ने प्रदेश के अधिकाधिक विद्यार्थियों से इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की अपील की है। लखनऊ जनपद संयोजिका डॉ. सरिता श्रीवास्तव एवं लखनऊ मण्डल संयोजिका मन्तशा जहाँ ने बताया कि यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों की संस्कृत भाषा, ज्ञान एवं प्रतिभा को निखारने का एक महत्वपूर्ण मंच है तथा सभी पात्र छात्र-छात्राओं से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने का आग्रह किया है।
ये भी पढ़ें-बिहार में जनता ने पुलिस को दौड़ाकर पीटा…समाजसेवी भरत तिवारी फेक एनकाउंटर मामले में देश भर में आक्रोश-Video