Earthquake in New Zealand: न्यूजीलैंड में महसूस किए गए भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 7.2 थी तीव्रता, जताई गई सुनामी की भी आशंका
Earthquake in New Zealand: सोमवार को न्यूजीलैंड (New Zealand) के पूर्वोत्तर द्वीप क्षेत्र में 7.2 तीव्रता के साथ भूकम्प (Earthquake) के झटके महसूस किए गए. समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि भूकंप दोपहर 12 बजकर 41 मिनट (भारतीय समयानुसार सुबह 6 बजकर 11 मिनट) पर केरमाडेक द्वीप समूह में 49 किलोमीटर की गहराई में आया.
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप न्यूजीलैंड के उत्तरी द्वीप से करीब 900 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में केर्माडेक द्वीप के पास 49 किलोमीटर की गहराई पर आया. प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र के अनुसार, भूकंप से हवाई और प्रशांत क्षेत्र को कोई खतरा नहीं है. न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय आपात प्रबंधन एजेंसी ने एक बयान में बताया कि वह यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि भूकंप फिर न्यूजीलैंड को प्रभावित कर सकता है या नहीं. लोगों को तटीय क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
दूसरी ओर न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी ने एक बयान में कहा, लोगों को तट के पास से सुरिक्षत स्थानों पर पहुंचाया गया. इन क्षेत्रों में जल्द सुनामी आने की भी आशंका जताई जा रही है. फिलहाल, भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है. वहीं अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, न्यूयॉर्क के कुछ हिस्सों में रविवार दोपहर को भी 3.6 तीव्रता के मामूली भूकंप के कुछ झटके महसूस किए गए थे. जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है.
जाने क्या करें भूकंप आने पर
जानकार बताते हैं कि अगर भूकंप आने की स्थिति हो तो हमेशा शांत रहें. दूसरों को आश्वस्त करें. घटना के दौरान, हमेशा सबसे सुरक्षित जगह की तलाश करनी चाहिए. जैसे- खुली जगह, इमारतों से दूर खड़े होना चाहिए. घर के अंदर रहने वाले वैसे लोग जो समय रहते नहीं निकल पाते, उन्हें डेस्क, टेबल या बिस्तर के नीचे छिप जाना चाहिए. शीशे वाली खिड़कियों व दरवाजे से दूर रहना चाहिए. गाड़ी तुरंत रोक दें.