UP News: UP में PFI के खिलाफ ATS की बड़ी कार्रवाई, 20 शहरों से 70 को लिया हिरासत में, मेरठ से सपा नेता और लखनऊ से रिहाई मंच के प्रमुख को उठाया

Share News

UP News: एटीएस लगातार पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है. शनिवार और रविवार को की गई बड़ी कार्रवाई में एटीएस ने यूपी के 20 शहरों में छापेमारी कर 70 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है. मेरठ से सपा नेता के साथ ही लखनऊ के अमीनाबाद से रिहाई मंच के प्रमुख को भी हिरासत में लिया है.

मीडिया सूत्रों के मुताबिक मेरठ में पत्नी का इलाज कराने आए सपा नेता अब्दुल खालिक अंसारी को भी उठा लिया है. एटीएस को शक है कि ये सभी लोग PFI एजेंटों के संपर्क में हैं. हालांकि ATS इन लोगों से पूछताछ कर रही है. तो वहीं अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. वहीं बता दें कि पिछले साल ही भारत में पीएफआई को बैन कर दिया गया है. इस पर भारत में आतंकवादी गतिविधियों को फैलाने का आरोप लगा है.

मीडिया सूत्रों के मुताबिक एटीएस टीम ने वाराणसी से पुलिस की मदद से 8 लोगों को उठाया है. इन लोगों को पकड़ने के लिए टीम ने आदमपुर, जैतपुरा, भेलूपुर, सारनाथ, कोतवाली और चौक थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह ही छापेमारी कर दी थी. इन लोगों के पास से बरामद मोबाइल और लैपटॉप से कई संदिग्ध और देश विरोधी गतिविधियों से जुड़ी सामग्री मिलने की भी खबर सामने आई है. इसी के साथ सीतापुर से एक, बहराइच से दो, बलरामपुर से एक, बाराबंकी से तीन, सिद्धार्थनगर से एक, देवरिया से दो, कानपुर से दो, गाजियाबाद से 10, बुलंदशहर से एक, सहारनपुर से एक, शामली से 11, मुजफ्फर नगर से तीन, रामपुर से एक, बिजनौर से पांच और अमरोहा से एक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.

मीडिया सूत्रों के मुताबिक लखनऊ के अमीनाबाद से रिहाई मंच के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद शोएब को भी एटीएस ने हिरासत में लिया है. तो वहीं बहराइच से नजम कमर को हिरासत में लिया गया है. एटीएस इन दोनों से पूछताछ कर रही है. इसी के साथ पीएफआई के संदिग्ध अब्दुल खालिक को भी हिरासत में लिया गया है. वाराणसी से परवेज अहमद और रईस अहमद को एटीएस ने उठाया है. एटीएस के मुताबिक अब तक पीएफआई के 21 सदस्यों को हिरासत में लिया गया है और 70 लोगों से पूछताछ की जा रही है.