Chhindwara: ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में चढ़ा लाखों का कर्ज…महिला बाल विकास विभाग अधिकारी ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखी ये सारी बातें
Online Gaming: मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर ने ऑनलाइन गेमिंग और कर्ज के चक्कर में फंस कर मौत को गले लगा लिया है. बताया जा रहा है कि महिला को ऑनलाइन गेमिंग की इतनी लत लग गई थी कि उसने कर्ज लेना शुरू कर दिया. उसके ऊपर करीब चार लाख रुपये का कर्ज लद गया था. मृतका के पास से पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त किया है.
जुन्नारदेव टीआई राकेश बघेल ने मीडिया को बताया कि महिला बाल विकास विभाग में पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत चटुआ निवासी 38 वर्षीय सरला पति हरिराम सल्लाम ने साल 2022 में होम लोन लिया था। इसके अलावा सरला को ऑनलाइन गेम खेलने की आदत थी। सरला ऑनलाइन गेम में रुपये हार गई थी। इसके बाद से वह तनाव में थी। सरला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने सुसाइड नोट छोड़ा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
बच्चों को दूसरे कमरे में बंद कर लगा ली फांसी
सरला के पति शिक्षक हैं, वह ड्यूटी पर गए थे तभी उसने दोनों बच्चे को दूसरे कमरे में कैद किया और बाहर से दरवाजा बंद कर दूसरे कमरे में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पति ने बताया कि उसको मैसेज पर जैसी ही जानकारी लगी वह तुरंत घर लौटा, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
पति को मोबाइल में भेजा सुसाइड नोट
बताया जा रहा है कि ऑनलाइन गेमिंग में पैसा हारने के बाद सरला ने कई महीनों तक पैसा जीतने की कोशिश की लेकिन उन्हें क्या पता था कि ऐसी गेमिंग एप में पैसा जीता नहीं, बल्कि सिर्फ डूबता ही है। सरला भी इसी ठगी का शिकार हुई और लगातार पैसा हारती गईं. इसके बाद उन्होंने हारी रकम को पुनः जीतने के लिए अपने पांच से छह रिश्तेदारों से भी कर्जा लिया, लेकिन लगातार हार ही मिली। इसके बाद तनाव में वह इस तरह से डूबीं कि मौत को गले लगा लिया. इससे पहले पति को वॉट्स-एप मैसेज कर सुसाइड नोट लिखकर भेजा और फिर अपनी जान दे दी.