Navratri 2024: नवरात्र के पहले दिन इन भाजपा नेताओं ने देवी मंदिरों में लगाई अर्जी, PM मोदी ने कही ये बात-Video

October 3, 2024 by No Comments

Share News

Navratri 2024: आज यानी गुरुवार से कलश स्थापना के साथ नवरात्र की शुरुआत हो चुकी है और देश भर के देवी मंदिरों में लोग बढ़चढ़ कर पूजा-पाठ के लिए पहुंच रहे हैं. इसी बीच देश के कई दुर्गा मंदिरों में भाजपा सांसदो व नेताओं द्वारा पूजा-अर्चना की जा रही है. असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने नवरात्रि के पहले दिन गुवाहाटी के कामाख्या मंदिर में दर्शन-पूजन किया तो वहीं दिल्ली में भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने झंडेवाला देवी मंदिर में पूजा की.

नवरात्र के पहले दिन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सभी देशवासियों को नवरात्र की शुभकामना दी है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा है कि “समस्त देशवासियों को नवरात्रि की असीम शुभकामनाएं। शक्ति-वंदना को समर्पित यह पावन पर्व हर किसी के लिए शुभकारी सिद्ध हो, यही कामना है। जय माता दी!” इसके अलावा प्रधानमंत्री ने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें प्रथम माता शैलपुत्री की स्तुति दी गई है. पीएम ने लिखा है कि नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की करबद्ध प्रार्थना! उनकी कृपा से हर किसी का कल्याण हो। देवी मां की यह स्तुति आप सबके लिए.

सीएम योगी ने दी शुभकामना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए नवरात्र की शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने लिखा है, “वन्दे वाञ्छितलाभाय चन्द्रार्धकृतशेखराम्। वृषारूढां शूलधरां शैलपुत्रीं यशस्विनीम्॥” इसी के आगे लिखा है “जगज्जननी माँ भगवती की उपासना के पावन महापर्व ‘शारदीय नवरात्रि’ के प्रथम दिवस पर माँ शैलपुत्री से प्रार्थना है कि जगत में दुष्प्रवृत्तियों का विनाश हो, सद्प्रवृत्तियों का उन्नयन हो व चहुंओर खुशहाली और समृद्धि हो। जय माँ शैलपुत्री!”

तो वहीं इसके अलावा हरियाणा में भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने श्रीमाता मनसा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की. इस मौके पर उन्होंने कहा, “शारदीय नवरात्रि के अवसर पर सभी देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं। देवी मां की कृपा हम सभी भारतीयों पर बनी रहे और विश्व में जो संकट है, आज जो युद्ध जैसे हालात हैं, उनमें शांति आए।”

कटरा (जम्मू-कश्मीर) में भी बड़ी संख्या में भक्त श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं. इस दौरान देश भर के दुर्गा मंदिर जयकारों की गूंज से गुंजायमान हो रहे हैं.