भाजपा ने दिलचस्प कर दी विधानसभा उपचुनाव की लड़ाई… इस सीट पर मुलायम सिंह यादव के ही सम्बंधी को उतार दिया मैदान में, जानें क्या है रिश्ता?

October 24, 2024 by No Comments

Share News

UP Assembly by-Election: भाजपा ने उत्तर प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा उप चुनावों को लेकर उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में सात उम्मीदवारों के नाम को फिलहाल शामिल किया गया है। हालांकि अभी भाजपा ने कानपुर की सीसामऊ और मीरपुर सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है. बताया जा रहा है कि अभी पार्टी इन दो सीटों के लिए मंथन कर रही है तो वहीं इस सूची में सबसे महत्वपूर्ण ये है कि भाजपा ने करहल सीट पर लालू यादव के दामाद और अखिलेश यादव के भतीजे तेज प्रताप यादव के सामने मुलायम सिंह यादव के ही सम्बंधी अनुजेश यादव को टिकट देकर इस सीट पर लड़ाई को दिलचस्प कर दिया है.

बता दें कि उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव होने जा रहे हैं और 23 नवंबर को नतीजे आएंगे। गौरतलब है कि यूपी की 10 सीटों पर उपचुनाव होने थे लेकिन कोर्ट में दायर याचिका की वजह से मिल्कीपुर में उपचुनाव की तारीख की घोषणा नहीं की गई है. लिहाजा नौ सीटों पर ही चुनाव हो रहे हैं.

मालूम हो कि उत्तर प्रदेश में नौ विधानसभा सीटों करहल (मैनपुरी), सीसामऊ (कानपुर), कटेहरी (अंबेडकरनगर), कुंदरकी (मुरादाबाद), खैर (अलीगढ़), गाजियाबाद, फूलपुर (प्रयागराज), मझवा (मिर्जापुर) और मीरापुर (मुजफ्फरनगर) पर उपचुनाव होने हैं। बता दें कि साल 2022 के विधानसभा चुनाव में करहल सीट पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जीत हासिल की थी लेकिन 2024 में अखिलेश यादव कन्नौज से सांसद चुने गए। इसके बाद करहल सीट खाली हो गई। तो वहीं कानपुर की सीसामऊ सीट सपा विधायक इरफान सोलंकी को सजा मिलने के कारण रिक्त हुई है तो वहीं 9 विधायक, लोकसभा सदस्य बन चुके हैं। इस वजह से इन सीटों पर उपचुनाव कराया जा रहा है.

भाजपा ने इनको उतारा मैदान में

कुंदरकी से रामवीर सिंह ठाकुर
गाजियाबाद से संजीव शर्मा
खैर (अजा) से सुरेंद्र दिलेर
करहल से अनुजेश यादव
फूलपुर से दीपक पटेल
कटेहरी से धर्मराज निषाद
मझवां से सुचिस्मिता मौर्या

अब क्या करेगी जनता?

बता दें कि उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में करहल सीट को यादव परिवार यानी मुलायम सिंह के परिवार की सीट मानी जाती रही है. 2022 में हुए चुनाव में अखिलेश यादव ने इस सीट पर जीत दर्ज की थी तो वहीं इस बार उपचुनाव में भी उनके परिवार के ही यानी अखिलेश के भतीजे ही मैदान में हैं. तो वहीं इस सीट पर भाजपा ने बड़ा दांव खेला है और मुलायम सिंह यादव के दामाद व आजमगढ़ से सपा के सांसद धर्मेंद्र यादव के सगे बहनोई अनुजेश यादव को टिकट देकर इस सीट पर लड़ाई दिलचस्प कर दी है. दरअसल सपा में अखिलेश यादव के बाद धर्मेंद्र यादव का बड़ा कद माना जाता है. ऐसे में उनके बहनोई को भाजपा ने मैदान में उतार कर जनता को गजब तरीके से असमंजस में डाल दिया है, क्योंकि दोनों ही मुलायम परिवार का हिस्सा हैं. अगर जनता तेज प्रताप की ओर जाती है तो धर्मेंद्र यादव के बहनोई का नुकसान और अगर अनुजेश यादव की ओर झुकती है तो फिर अखिलेश का नुकसान. अब देखना ये है कि आखिर इस उपचुनाव में किसके हाथ जीत लगती है. फिलहाल इस सीट को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है.

जानें किसके पति हैं अनुजेश यादव?

अनुजेश यादव मुलायम सिंह यादव के दामाद यानी उनकी भतीजी संध्या यादव के पति हैं और सांसद धर्मेंद्र यादव के सगे बहनोई हैं। धर्मेंद्र यादव की बहन संध्या उर्फ बेबी यादव 2015 से 2020 तक मैनुपरी से जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। तो वहीं अनुजेश भी फिरोजाबाद से इसी कार्यकाल में जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। इस तरह से ये मुकाबला अब सैफई परिवार और रिश्तेदार के बीच होगा। अनुजेश फिरोजाबाद के गांव भारौल निवासी हैं. तो वहीं अब उनका मुकाबला सपा प्रत्याशी मुलायम सिंह यादव के पौत्र तेजप्रताप से है. इस तरह से करहल उप चुनाव में भाजपा का मुकाबला सीधे सैफई परिवार से होने के कारण बीजेपी ने सैफई परिवार के ही रिश्तेदार को मैदान में उतार कर इस चुनाव को रोचक बना दिया है.

 

ये भी पढ़ें-Video: थूक लगाकर रोटी बनाने वाले का वीडियो वायरल…पुलिस ने की ये कार्रवाई