CMS News: अब सी.एम.एस. राजाजीपुरम कैम्पस हुआ रोबोटिक्स एवं AI लैब समेत कई अति आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित….डा. जगदीश गाँधी ऑडिटोरियम का हुआ उद्घाटन
CMS Rajajipuram: सिटी मोन्टेसरी स्कूल, राजाजीपुरम प्रथम कैम्पस में आज सी.एम.एस. संस्थापक डा. जगदीश गाँधी की स्मृति में नवनिर्मित ‘डा. जगदीश गाँधी ऑडिटोरियम’ का उद्घाटन मुख्य अतिथि डा. दिनेश शर्मा, पूर्व उप-मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य ने किया। इसी के साथ डा. दिनेश शर्मा ने विद्यालय में नवनिर्मित रोबोटिक्स एवं ए.आई लैब, साइंस लैबोरेटरी, कम्प्यूटर लैब, अति-आधुनिक लाइब्रेरी, आर्केस्ट्रा रूम आदि विभिन्न सुविधाओं का भी फीता काटकर शुभारम्भ किया तथापि विशिष्ट अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह ने समारोह की गरिमा को बढ़ाया।
इससे पहले, सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने मुख्य अतिथि समेत अन्य गणमान्य अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया। इस भव्य समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षकों, छात्रों व अभिभावकों ने उत्साहपूर्ण उपस्थिति दर्ज करायी एवं छात्रों के सर्वांगीण विकास हेतु सी.एम.एस. प्रबन्धन द्वारा किये जा रहे प्रयासों की दिल खोलकर सराहना की।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि स्व. डा. जगदीश गाँधी का सम्पूर्ण जीवन एकता, शान्ति, सौहार्द व भावी पीढ़ी के उज्जवल भविष्य को समर्पित रहा है। ऐसे में, यह ऑडिटोरियम उन्हीं के सपनों को पूरा करने की एक कड़ी है, जहाँ से एकता, समता व शान्ति के विचार प्रवाहित होंगे। श्री शर्मा ने आगे कहा कि डा. जगदीश गाँधी के दूरदर्शी नेतृत्व ने शिक्षा के क्षेत्र में लखनऊ को विश्व पटल पर स्थापित किया। मुझे पूर्ण विश्वास है कि यह सभागार उनकी चिर-स्मृतियों को सदैव जीवन्त रखेगा, जिससे भावी पीढ़ियाँ प्रेरणा ग्रहण करेंगी।
सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने इस अवसर पर कहा कि यह ऑडिटोरियम स्व. डा. जगदीश गाँधी जी की भावी पीढ़ी को समर्पित समृद्ध विरासत का परिणाम है। उनका मानना था कि शान्तिपूर्ण व सुविधाजनक शैक्षिक वातावरण प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। प्रो. किंगडन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह सभागार डा. जगदीश गाँधी के विचारों को विश्व के कोने-कोने तक पहुंचाने में महती भूमिका निभायेगा। सी.एम.एस. राजाजीपुरम प्रथम कैम्पस की वरिष्ठ प्रधानाचार्या निशा पाण्डेय ने विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था हेतु सी.एम.एस. प्रबन्धन का आभार व्यक्त किया।

सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स, ऋषि खन्ना ने बताया कि सी.एम.एस. अपने छात्रों के सर्वागीण विकास हेतु संकल्पित है एवं भौतिक शिक्षा के साथ ही उनमें नैतिक व आध्यात्मिक मूल्यों व चारित्रिक विकास के प्रति सजग है। इसी को ध्यान में रखते हुए सी.एम.एस. में कई सृजनात्मक कार्य सम्पन्न हो रहे हैं जिससे विद्यालय के छात्र आधुनिक सुविधाओं के साथ आध्यात्मिकता व शान्ति से परिपूर्ण प्रसन्नता भरे वातावरण में उत्कृष्ट शिक्षा ग्रहण कर सकें।
ये भी पढ़ें-Elon Musk: विकिपीडिया को बंद कर दो दान देना…जानें एलन मस्क ने क्यों की ये अपील और क्या लगाया है आरोप?