पाकिस्तान ने जम्मू-पठानकोट पर दागे मिसाइल और ड्रोन…वैष्णो देवी मंदिर सहित इन जगहों पर पूरी तरह से ब्लैकआउट; बंगाल सरकार ने लिया ये फैसला-Video

Share News

Pakistan Attacks Jammu Airport: भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान लगातार LoC पर गोलाबारी कर रहा है. हालांकि भारतीय सेना लगातार उसके इरादों को नाकाम कर रही है. ताजा खबर जम्मू-कश्मीर से सामने आई है.

दरअसल पाकिस्तान ने जम्मू के एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला किया है लेकिन सेना ने उसे विफल कर दिया है.  मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जम्मू में कई धमाके सुनाई दिए हैं. कई इलाकों की बिजली गुल हो गई है.

सायरन की आवाजें भी गूंज रही हैं. जम्मू के सैनिक कॉलोनी और एयरपोर्ट पर धमाके की आवाज के बाद अफरातफरी देखी गई है.  सांबा में पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया है. भारतीय सेना प्रभावी ढंग से जवाब दे रही है. तो वहीं जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में ब्लैक आउट कर दिया गया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मानव रहित हवाई वाहनों (UAV) के जरिए हवाई घुसपैठ के कई प्रयास जम्मू में किए गए. इसके जवाब में जम्मू में रक्षात्मक प्रणालियों को तुरंत सक्रिय कर दिया गया. भारतीय सेना ने नई तकनीक की मदद से एक ड्रोन को हवा में ही मार गिराया. फिलहाल इस हमले में कोई नुकसान या किसी के घायल होने की खबर सामने नहीं आई है.

बता दें कि इससे पहले पाकिस्तान की सेना ने जम्मू के कई इलाकों में तोप से गोले दागे और ड्रोन से हमला किया था लेकिन भारत की तरफ से तुरंत जवाबी कार्रवाई की गई और कई पाकिस्तानी ड्रोन को समय रहते गिरा दिया गया. हालांकि खतरे की जानकारी देने के लिए सायरन भी बजा दिए गए.

रक्षा सूत्र के हवाले से खबर सामने आ रही है कि पाकिस्तान ने सतवारी, सांबा, आरएस पुरा और अरनिया सेक्टर में 8 मिसाइलें दागीं थीं लेकिन भारतीय वायु रक्षा इकाइयों ने सभी को निष्क्रिय कर दिया है. कोई हताहत होने की खबर नहीं है.

तो वहीं जम्मू में पूरी तरह से ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है। अभी कोई विस्फोट या सायरन की आवाज़ नहीं सुनाई दे रही है। इसी के साथ ही जम्मू संभाग के सांबा में पूर्ण ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है। सायरन की आवाजें सुनी जा सकती हैं। पंजाब: अमृतसर में पूर्ण ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है।

लोगों से घरों को जाने की अपील

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में पूर्ण ब्लैकआउट लागू होने के बाद लोगों से अपने घरों की ओर जाने की अपील की जा रही है।

सभी कर्मचारियों की छुट्टी रद्द

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए पश्चिम बंगाल सरकार ने अगले आदेश तक सभी राज्य सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। इसको लेकर राज्य वित्त विभाग ने एक आदेश जारी किया है और इस आदेश में निर्णय के पीछे का कारण वर्तमान स्थिति को बताया गया है। इसी के साथ ही वित्त विभाग ने कहा कि आदेश राज्य सरकार के सभी श्रेणी के कर्मचारियों पर लागू होगा और यहां तक कि जिन लोगों को पहले छुट्टी मंजूर की गई थी, उन्हें भी अब वापस ड्यूटी पर आना होगा। इस तरह से बंगाल में जारी इस अधिसूचना में साफ किया गया है कि केवल चिकित्सा अवकाश पर रहने वाले कर्मचारियों को ही इस निर्देश से छूट दी जाएगी।

भजनलाल शर्मा कर रहे हैं बैठक

बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्यमंत्री निवास पर उच्च स्तरीय बैठक कर रहे हैं. बैठक में मुख्य सचिव, गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक, DG इंटेलिजेंस और ADG कानून व्यवस्था शामिल हुए हैं।

एस जयशंकर से अमेरिकी विदेश मंत्री ने की बात

भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने जानकारी दी है कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से इस सम्बंध में बात की है और तत्काल तनाव कम करने की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच सीधी बातचीत के लिए अमेरिकी समर्थन पर जोर दिया है। इसी के साथ ही विदेश मंत्री ने पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले के लिए अपनी संवेदना दोहराई है और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ मिलकर काम करने की संयुक्त राज्य अमेरिका की प्रतिबद्धता की फिर से पुष्टि की है।

सभी एयरपोर्ट पर अलर्ट जारी

नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCS) ने देश भर के सभी हवाई अड्डों और एयरलाइनों को सुरक्षा उपाय बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी हवाई अड्डों पर सभी यात्रियों की सेकेंडरी लैडर पॉइंट चेकिंग (SLPC) की जाएगी। टर्मिनल बिल्डिंग में आगंतुकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है और एयर मार्शल की तैनाती की जाएगी।

बीएसएफ के महानिदेशक से गृहमंत्री ने की बात

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा सुरक्षा बलों के महानिदेशकों से बात करके सीमा की स्थिति के बारे में जानकारी ली है. इसी के साथ ही उन्होंने एयरपोर्ट सुरक्षा के संबंध में सीआईएसएफ के महानिदेशक से भी बात की।

ये भी पढ़ें-पाकिस्तान पर बड़ी कार्रवाई…ओटीटी पर पाकिस्तान का सब कुछ बंद; इन बांधों के खोल दिए गए गेट, बढ़ा बाढ़ का खतरा-Video