Lucknow University: मैकेनिकल इंजीनियरिंग छात्रों ने कम लागत में विकसित की अब्रासिव जेट मशीन, जानें क्या है इसका काम?
Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय (Lucknow University) के अभियांत्रिकी एवं तकनीकी संकाय के अंतिम वर्ष के मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्रों ने एक अभिनव उपलब्धि हासिल करते हुए कम लागत वाली “अब्रासिव जेट मशीन” का सफल निर्माण किया है। बता दें कि इस मशीन का कार्य विशेष रूप से कठोर और भंगुर पदार्थों की सटीक कटाई करना है. इसी कार्य के लिए इसको विकसित किया गया है.
इस मशीन का निर्माण वायुसंपीडक, मिक्सिंग चेंबर, उच्च दबाव नोजल, प्रेशर गेज, ब्लो वाल्व, वायु वाहक पाइप आदि तकनीकी युक्तियों को संयोजित कर किया गया है। इसका उद्देश्य छात्रों को नॉन-कॉन्वेंशनल मशीनिंग तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी देना है। कार्यक्रम में विभागीय समन्वयक डॉ. कमलेश तिवारी सहित अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
मशीन विकसित करने वाली टीम
इस मशीन को विकसित करने वाली टीम में जागृत प्रताप सिंह, अमितेश, शशांक शेखर, लक्ष्य राजपूत एवं मानवेंद्र प्रताप शामिल हैं। इस परियोजना का मार्गदर्शन डॉ. प्रवीण कुमार राय द्वारा किया गया। संकायाध्यक्ष प्रो. ए. के. सिंह ने जानकारी दी कि यह प्रोटोटाइप विभागीय प्रयोगशालाओं में प्रदर्शन तथा हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग के लिए उपयोग किया जाएगा, जिससे आने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक विनिर्माण तकनीकों की बेहतर समझ मिल सकेगी। साथ ही यह मॉडल भविष्य में विश्वविद्यालय में चल रहे अनुसंधानों के लिए सहायक उपकरण की तरह कार्य करेगा।
मशीन की कीमत
बता दें कि मार्केट में इस प्रकार की मशीन की कीमत ₹1 लाख से ₹1.5 लाख रुपये तक होती है. जबकि इन छात्रों ने इसे महज ₹13,000 की लागत में विकसित कर इतिहास रचा है. ये न केवल तकनीकी दक्षता का उदाहरण है बल्कि किफायती नवाचार की मिसाल भी है।
कुलपति ने दी बधाई
मशीन के सफल परीक्षण के उपरांत कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार राय ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि – “छात्रों और शिक्षकों को इस प्रकार के कम लागत वाले तकनीकी प्रयोगों को प्रोत्साहित करना चाहिए, जिससे नवाचार को बल मिले।”