Bengaluru Stampede: पुलिस की बड़ी कार्रवाई…मार्केटिंग हेड निखिल सोसले सहित 4 गिरफ्तार; अनुष्का शर्मा से है बीवी की खास दोस्ती
Bengaluru Stampede: ‘इंडियन प्रीमियर लीग’ (IPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को मिली जीत के जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मौजूद लाखों की भीड़ में भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई थी और 5 दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे. तो वहीं घटना के दो दिन बाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. इस गिरफ्तारी में नामी चेहरे शामिल हैं.
एफआईआर की मानें तो बीएनएस की विभिन्न धाराओं (गैर इरादतन हत्या, गंभीर चोट पहुंचाना, गैरकानूनी तरीके से इकट्ठा होना और लापरवाही या लापरवाही से मानव जीवन को खतरे में डालना) में मामला दर्ज किया गया है.
गौरतलब है कि गुरुवार को पुलिस ने आरसीबी के साथ ही कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी डीएनए के खिलाफ भगदड़ के मामले में केस दर्ज किया था. पुलिस की ओर से जारी बयान में सामने आया है कि केएससीए के अधिकारी फरार चल रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस सूत्रों के हवाले से सामने आई खबर के मुताबिक, जिन चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उसमें आरसीबी मैनेजमेंट के निखिल सोसले और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी डीएनए के सुनील मैथ्यू शामिल हैं. कहा जा रहा है कि निखिल की बीवी के साथ विराट कोहली की पत्नी व अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की गहरी दोस्ती है. तो वहीं इनकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.
जांच सौंपी गई सीआईडी को
बता दें कि भगदड़ मामले में कर्नाटक सरकार की जमकर फजीहत हो रही है. सोशल मीडिया पर लगातार कर्नाटक सरकार की आलोचना जारी है. तो वहीं कर्नाटक सरकार ने 5 जून को हाईकोर्ट को बताया था कि चिन्नास्वामी स्टेडियम के सामने मची भगदड़ की जांच आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) को सौंप दी गई है, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी. इसी के साथ ही सरकार ने अदालत को एक स्थिति रिपोर्ट सौंपी, जिसमें पुष्टि की गई कि भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत कब्बन पार्क पुलिस थाने में एक एफआईआर (अपराध संख्या 123/2025) दर्ज की गई है, जिसमें धारा 105, 125 (1) (2), 132, 121/1 और 3 (5) के साथ पठित धारा 190 शामिल है. इससे पहले
कर्नाटक सरकार ने कोर्ट को ये भी बताया था कि गहन और स्वतंत्र जांच सुनिश्चित करने के लिए सीआईडी के अंतर्गत एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जाएगा.
स्थिति रिपोर्ट में दी गई है ये जानकारी
स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ को लेकर एक स्थिति रिपोर्ट सामने आई है जिसमें कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए 13 केएसआरपी यूनिट (प्रत्येक में 25 कर्मी) को तैनात किया गया था. इसी के साथ ही स्थिति रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि स्टेडियम के बाहर और आस-पास के इलाके में 2.5 लाख से अधिक लोगों की भारी भीड़ इकठ्ठी हो गई थी जबकि आरसीबी की जीत को ध्यान में रखते हुए, सुरक्षा और बंदोबस्त सुनिश्चित करने के लिए, बेंगलुरु शहर की पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों और सिपाहियों के साथ कुल 1,380 कर्मियों को तैनात किया था.
भगदड़ की जांच मिली इनको
भगदड़ की वजह का पता लगाने और किसी भी प्रशासनिक या संगठनात्मक चूक की पहचान करने के लिए एक अलग मजिस्ट्रेट जांच के लिए टीम का गठन किया गया है. जांच का नेतृत्व बेंगलुरु शहर के उपायुक्त और जिला मजिस्ट्रेट करेंगे और यह 15 दिनों के अंदर पूरी होनी चाहिए.