Mission Shakti 5.0: आत्मविश्वास और आत्मसम्मान के लिए… छात्राओं के दिया गया आत्मरक्षा का प्रशिक्षण

October 15, 2025 by No Comments

Share News

Mission Shakti 5.0: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोतीनगर में स्थित बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज में लगातार छात्राओं को सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है. इसी क्रम में आज छात्राओं में आत्मविश्वास, आत्मसम्मान की भावना उत्पन्न करने के लिए मिशन शक्ति 5.0 पर आधारित कार्यक्रम आयोजन किया गया.

इस मौके पर नोडल शिक्षिकाओं पूनम यादव और मंजुला यादव के निर्देशन में रेड ब्रिगेड संस्था के सहयोग से छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिससे छात्राएं अपने को पूरी मजबूती और आत्मविश्वास के साथ समाज में स्थापित करें और आत्मसम्मान के साथ जियें और दूसरों का सहारा बनें।

इस विकसित और नागर समाज में भी अनेक उदाहरण प्राप्त होते हैं जहाँ बालिकाएं अभद्रता और अपमान का शिकार होती हैं। ऐसे में पढ़ लिखकर वैचारिक और आर्थिक रूप से मजबूत होने और अपने व्यक्तित्व को अनुकरणीय बनाकर ही वे अपने घर तथा आस पड़ोस की बालिकाओं और महिलाओं में भी सुरक्षा की भावना को विकसित कर सकेंगी।

यही विद्यालयों और बालिकाओं की सुरक्षा को समर्पित संस्थाओं का उद्देश्य होना चाहिए। रेड ब्रिगेड संस्था की मास्टर ट्रेनर अनु और ट्रेनर शिखा का विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ लीना मिश्र ने विद्यालय में स्वागत किया। इसके पश्चात उनके द्वारा लगभग 80 छात्राओं को आत्मरक्षा का महत्त्व और उसकी विभिन्न तकनीकों के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई तथा उनको स्वरक्षा के कई गुर भी सिखाए गए कि यदि वे किसी समय विकट स्थिति या कठिनाई में हों तो अपने आप को कैसे बचा सकें।

मिशन शक्ति का उद्देश्य ही बालिकाओं में स्वावलंबन, आत्मविश्वास, सुरक्षा और आत्मसम्मान की भावना का विकास करना है। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए बालिका विद्यालय में छात्राओं के हित में निरंतर नयी नयी योजनाओं का क्रियान्वयन और अभ्यास कराये जाते हैं और इसके लिए प्रबंधन एवं प्रशासन द्वारा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराये जाते हैं ताकि बालिका विद्यालय से शिक्षित दीक्षित होने के पश्चात् छात्राएं समाज में सर उठाकर आगे बढ़ सकें।

ये भी पढ़ें-प्रेमानन्द महाराज का ताजा वीडियो वायरल…एक श्रद्धालु के इस सवाल पर हंसे खिलखिलाकर-Video