बड़ी खबर…लुलु मॉल के बाथरूम में मिला लेटर…सरकारी इमारतों व स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
Lucknow: अभी दिल्ली में हुए विस्फोट को जुम्मा-जुम्मा कुछ ही दिन बीते हैं कि लखनऊ के लुलु मॉल के बाथरूम में चार लाइन का एक धमकी भरा पत्र मिलने से शासन-प्रशासन में हड़कंप मच गया है. पत्र में शहर की प्रमुख सरकारी इमारतों, प्रतिष्ठित संस्थानों और कई जाने-माने स्कूलों को 24 घंटे के अंदर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है.
इसकी जानकारी सामने आते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और पूरे शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया है. इसी के साथ ही मॉल प्रबंधन की सूचना पर मौके पर भी पुलिस टीम पहुंच गई है और क्षेत्र की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ जांच शुरू कर दी है. विधानभवन के पास एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल, इंस्पेक्टर विक्रम सिंह समेत अन्य पुलिस बल के साथ चेकिंग कर रहे.
इस धमकी के बाद पुलिस ने मॉल सहित शहर के कई प्रमुख स्थानों जैसे हजरतगंज विधानसभा, चारबाग रेलवे स्टेशन, हवाइ अड्डा व शहर के सभी माल्स सहित अन्य स्थलों पर डाग स्क्वाड व बम निरोधक दस्ते (बीडीएस टीम) के साथ चेकिंग शुरू कर दी है. इसी के साथ ही पैदल गश्त भी लगाई जा रही है.
साथ ही अलग-अलग स्थानों पर पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग शुरू कर दी है. साथ ही संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. इसके अलावा पुलिस ने लोगों से अपील की गई है कि भीड़-भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें व कहीं पर भी भीड़ इकठ्ठी न करें. किसी तरह का कोई भी संदिग्ध दिखे तो पुलिस को 112 पर अवश्य सूचना दें.
बता दें कि कल ही अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण है जहां प्रधानमंत्री पहुंचेंगे तो वहीं इस धमकी भरे पत्र ने पुलिस-प्रशासन की और चिंता बढ़ा दी है. इसी के साथ ही श्री गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी दिवस भी है. इसको लेकर सिखों द्वारा गुरुद्वारा व सार्वजनिक स्थलों पर धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा.
चेक किए जा रहे हैं सीसीटीवी फुटेज
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) दक्षिणी निपुण अग्रवाल ने इसको लेकर एक बयान जारी किया है. उन्होंने कहा है कि लुलु मॉल के साथ-साथ अन्य स्थानों पर भी टीम चेकिंग कर रही है और पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बॉथरूम में लेटर किसने रखा. तो वहीं एक टीम सीसी फुटेज की जांच करने में जुटी है. सभी संदिग्धों को चिन्हित किया जा रहा है और शक के आधार पर उनसे पूछताछ की जाएगी.
पहले भी मिल चुकी है धमकी
मालूम हो कि इधर कई महीनों से देश के तमाम राज्यों को धमकी भरे मेल या फिर लेटर मिल रहे हैं. लखनऊ में भी इससे पहले स्कूलों को उड़ाने की धमकी मिल चुकी है. लखनऊ के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकी दी गई थी. उस समय परिजनों के बीच भय का माहौल बन गया था और शहर भर के स्कूल खाली करा लिए गए थे. हालांकि तमाम छानबीन के बाद स्कूलों में कुछ नहीं मिला था और मामला फर्जी निकला था, लेकिन इस घटना के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और संवेदनशील हैं.
हर जगह पुलिस की पैनी नजर
धमकी मिलने के बाद से ही लखनऊ के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर है. पुलिस आयुक्त की तरफ से सभी थानों को सतर्क कर दिया गया है साथ ही पुलिस की एक टीम लगातार सीसीटीवी कैमरों पर नजर गड़ाए है. मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस अड्डे समेत भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है.
रविवार रात से ही पुलिस ने फ्लैग मार्च शुरू कर दिया है. इसी के साथ ही पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति अगर देखें तो तुरंत 112 या स्थानीय पुलिस को सूचना दें. साथ ही किसी भी अफवाह या डर फैलाने वाले मैसेज पर रोक लगाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं.