Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों को इन कंपनियों में शानदार मौका… 21 दिसम्बर तक करें आवेदन; जानें क्या होगा पैकेज?
Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय के स्नातक छात्रों के लिए प्रतिष्ठित कंपनियों नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (NPCL) एवं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में रोजगार के उत्कृष्ट अवसर प्राप्त हुए हैं. इसके तहत विभिन्न पाठ्यक्रमों के 2026 में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं.
केंद्रीय प्लेसमेंट सेल के एडिशनल डायरेक्टर डॉ. हिमांशु पाण्डेय ने इस सम्बंध में जानकारी देते हुए बताया कि नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल), आरपी–संजीव गोयनका ग्रुप एवं ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण का संयुक्त उपक्रम है. एनपीसीएल द्वारा मैनेजमेंट ट्रेनी (कोर इलेक्ट्रिकल) पद के लिए केवल बी.टेक (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) के 2026 बैच के विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. चयनित अभ्यर्थियों को ₹7 लाख वार्षिक (सीटीसी) का आकर्षक पैकेज प्रदान किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र छात्र 21 दिसंबर 2025 तक दिए गए लिंक https://forms.gle/PRUiEHCELns8Xozb6 पर पंजीकरण कर सकते हैं.
इसके अलावा टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज द्वारा टीसीएस बी.एससी इग्नाइट एवं स्मार्ट हायरिंग कार्यक्रम के अंतर्गत बीसीए, बी.एससी (कंप्यूटर साइंस, मैथ्स, स्टैटिस्टिक्स, फिजिक्स, केमिस्ट्री, इलेक्ट्रॉनिक्स, बायोकेमिस्ट्री) तथा बी.वोक (सीएस/आईटी) पाठ्यक्रमों के 2025 एवं 2026 बैच के विद्यार्थियों के लिए ग्रेजुएट ट्रेनी पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं.
टीसीएस बी.एससी इग्नाइट एवं स्मार्ट हायरिंग कार्यक्रम की प्रमुख विशेषताओं में विश्वस्तरीय प्रारंभिक प्रशिक्षण कार्यक्रम, क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, जनरेटिव एआई, ब्लॉकचेन, एआर/वीआर/एक्सआर, रोबोटिक्स एवं डिजिटल इंजीनियरिंग जैसी अत्याधुनिक तकनीकों पर कार्य करने का अवसर, प्रदर्शन के आधार पर 1–2 वर्षों में 2.5 गुना तक वेतन वृद्धि की संभावना तथा प्रतिष्ठित भारतीय विश्वविद्यालयों से उच्च शिक्षा के विशेष अवसर शामिल हैं.
इस अवसर के लिए अभ्यर्थियों का 10वीं, 12वीं, डिप्लोमा (यदि लागू हो) एवं स्नातक स्तर पर न्यूनतम 50% अंक (या समकक्ष सीजीपीए) होना अनिवार्य है. इच्छुक विद्यार्थी 11 जनवरी 2025 तक निम्नलिखित दोनों लिंक पर पंजीकरण कर सकते हैं.
रजिस्ट्रेशन लिंक 1: https://on.tcs.com/4o183Mk
रजिस्ट्रेशन लिंक 2: https://forms.gle/ejDeofoTxM5sLfjt9
दोनों कंपनियों के लिए संबंधित लिंक पर पंजीकरण करना अनिवार्य है.
टीसीएस बी.एससी हायरिंग दो श्रेणियों—इग्नाइट एवं स्मार्ट— में आयोजित की जाएगी. ऑनलाइन टेस्ट के प्रदर्शन के आधार पर अभ्यर्थियों को इग्नाइट अथवा स्मार्ट हायरिंग साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा, जबकि अंतिम ऑफर श्रेणी का निर्धारण साक्षात्कार में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा.
केंद्रीय प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. अनूप कुमार भारतीय ने सभी पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इन प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा उपलब्ध कराए गए मौके को अवसर में बदलें और इसका लाभ उठाएं. इसी के साथ ही अपने भविष्य को उज्ज्वल करें व करियर की दिशा में एक सशक्त कदम आगे बढ़ाएं.
ये भी पढ़ें-बैंक का कैशियर ही निकला चोर…इस तरह सामने आई सच्चाई; जानें क्या है मामला-Video