Jammu Kashmir: सेना का वाहन 200 फीट गहरी खाई में गिर कर हुआ चूर-चूर…10 जवान शहीद; अन्य घायल-Video
Jammu Kashmir Doda Accident: जम्मू और कश्मीर के श्रीनगर से दुखद खबर सामने आ रही है. यहां गुरुवार यानी आज डोडा में एक सड़क हादसे में सेना के दस जवान शहीद हो गए हैं और दस अन्य घायल हो गए हैं जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. अधिकारियों की मानें तो बुलेटप्रूफ सेना का एक वाहन, एक कैस्पर, एक ऑपरेशन के लिए जा रहा था. इसी दौरान वह खन्नी टॉप पर भद्रवाह-चंबा इंटरस्टेट सड़क से उतरकर खाई में जा गिरा.
हादसे के बाद जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा, “डोडा में एक दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में अपने 10 बहादुर भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से बहुत दुख हुआ.” उन्होंने आगे कहा कि हम अपने बहादुर सैनिकों की उत्कृष्ट सेवा और सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेंगे. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं.”
इसी के साथ ही पोस्ट में उन्होंने आगे ये भी कहा कि “इस गहरे दुख की घड़ी में, पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ एकजुटता और समर्थन में खड़ा है. 10 घायल सैनिकों को हेलीकॉप्टर से अस्पताल ले जाया गया है.” उन्होंने आगे कहा कि सीनियर अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का उन्होंने निर्देश दिया है ताकि घायलों को अच्छा इलाज मिले. सभी घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट किया गया है.
जम्मू-कश्मीर के डोडा में हादसा। सेना का वाहन 200 फीट गहरी खाई में गिरने से 10 जवान शहीद हो गए। 7 घायल हैं। #jammukashmir pic.twitter.com/RC4kCpt6hy
— Vinay Saxena (@vinaysaxenaj) January 22, 2026
हादसे को लेकर अधिकारियों के बयान सामने आए हैं जिसमें कहा गया है कि यह हादसा भद्रवाह-चंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर करीब 9,000 फुट की ऊंचाई पर स्थित खन्नी टॉप के पास हुई. यह हादसा उस वक्त हुआ, जब सेना के बुलेटप्रूफ वाहन के चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया फिर वाहन 200 फुट गहरी खाई में गिर गया. मिली जानकारी के मुताबिक, वाहन में सवार जवान ऊंचाई पर स्थित एक चौकी की ओर जा रहे थे. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें सेना का वाहन चूर-चूर स्थिति में दिखाई दे रहा है.
फिलहाल हादसे की वजह को पहाड़ी रास्तों पर तीखे मोड़ और खराब मौसम को माना जा रहा है. वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होते ही स्थानीय लोगों ने सेना के साथ मिलकर राहत कार्य शुरू कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बचाव दल को मलबे तक पहुंचने में काफी समय लगा क्योंकि रास्ता बहुत ही कठिन था. यह क्षेत्र अपनी कठिन भौगोलिक स्थितियों के लिए जाना जाता है.
कमांड अस्पताल में जारी है इलाज
हादसे में 10 जवानों के गम्भीर रूप से घायल होने की खबर सामने आ रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घायलों की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है. सभी को तुरंत कमांड अस्पताल उधमपुर में भर्ती कराया गया है. केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह अस्पताल के इंचार्ज मेजर जनरल संजय शर्मा से लगातार सम्पर्क में बने हुई है.डॉक्टरों की विशेष टीम घायल जवानों पर 24 घंटे नजर रखे हुए है और सेना के वरिष्ठ अधिकारी लगातार घायलों के स्वास्थ्य की ताजा जानकारी ले रहे हैं. अस्पताल प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है. हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं.
सेना का बयान
सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर व्हाइट नाइट कोर ने एक पोस्ट शेयर करते हुए जानकारी दी है कि ऑपरेशन के लिए सैनिकों को ले जा रहा एक आर्मी वाहन सड़क से फिसल गया. य दुर्भाग्यपूर्ण घटना डोडा के सामान्य इलाके में खराब मौसम में खतरनाक इलाके से गुज़रते समय हुई. इसमें कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की मौत भी हो गई है. घायलों को आगे के इलाज के लिए ले जाया गया है.
ये भी पढ़ें-Grahan In 2026: साल 2026 में कब-कब पड़ रहे हैं ग्रहण…? क्या जनवरी-फरवरी में है सूर्य या चंद्र ग्रहण?