दारोगा भर्ती परीक्षा के एक सवाल में ‘पंडितों’ का अपमान…बवाल शुरू; ब्राह्मणों ने दी रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी
UP Sub Inspector Recruitment Exam: सोशल मीडिया पर आज के दारोगा भर्ती परीक्षा का प्रश्न पत्र तेजी से वायरल हो रहा है. इस प्रश्न पत्र के 20 नम्बर सवाल में प्रश्न दिया गया है-“अवसर के अनुसार बदल जाने वाला..” इस वाक्यांश के लिए एक शब्द का चयन करें…इसके बाद जो चार ऑप्शन दिए गए हैं, उनमें A-निष्कपट, B-सदाचारी, C-पंडित, D-अवसरवादी…हालांकि इस सवाल का जवाब अवसरवादी होगा लेकिन यहां बड़ा सवाल ये है कि एक जाति विशेष यानी पंडित को क्यों और किस मंशा के तहत ऑप्शन में दिया गया.
इस पेपर के सामने आते ही बड़ी संख्या में ब्राह्मण संगठन विरोध पर उतर आए हैं और रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी है. मालूम हो कि उत्तर प्रदेश में दरोगा (SI) के 4500 से अधिक पदों की भर्ती के लिए परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है. परीक्षा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा आयोजित की जा रही है.
यह परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को पूरे राज्य में 1090 से अधिक केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जा रही है. परीक्षा में करीब 16 लाख अभ्यर्थी हिस्सा ले रहे हैं. प्रश्न पत्र में ये सवाल पूछकर इस परीक्षा को विवादों के घेरे में खड़ा कर दिया है. साथ ही सरकार और बोर्ड की मंशा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. लोग सवाल कर रहे हैं कि क्या सरकार ब्राह्मणों के प्रति इतने दूषित विचार रखने लगी है जो अब प्रश्नपत्रों में भी इस तरह के दोयम दर्जे के सवाल पूछे जाएंगे. कुछ सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि राजनीति का लड़ाई को वर्तमान सरकार पढ़ाई में भी ले आई है. इससे अभ्यर्थियों के मन-मस्तिष्क में क्या प्रभाव पड़ेगा?
कौन है जिम्मेदार?
अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी ने कहा कि दरोगा भर्ती परीक्षा में ब्राह्मणों के अपमान पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी. प्रदेश में ब्राह्मणों के खिलाफ नफरत आखिर क्यों फैलाई जा रही है? कौन जिम्मेदार है? प्रश्न पत्र बनाने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा. ये पूरी तरह से योगी सरकार को बदनाम करने की साजिश है. इसी तरह कई ब्राह्मण संगठनों ने बोर्ड के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी है. ब्राह्मणों का कहना है कि इससे उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंची है और भावनाएं आहत हुई हैं.
ये भी पढ़ें-UP News: अब इन ‘अनाथ’ बच्चों का कौन नाथ…? 15 महीने से नए गठन की बाट जोह रहा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग