ITBP का जवान तीन दिन से घूम रहा है मां का कटा हाथ लेकर…Video देख कांप गई रूह

Share News

Kanpur News: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें साफ दिख रहा है कि ITBP का जवान अपनी मां का कटा हाथ लेकर घूम रहा है. यह वीडियो उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से सामने आया है जिसे देखकर हर किसी की रूह कांप गई है और एक बार ये सोचने के लिए मजबूर कर दिया है कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवान को जब न्याय के लिए इस देश में दर-दर भटकना पड़ रहा है तो फिर आम जनता का क्या हाल होगा?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जवान पिछले तीन दिनों से अपनी मां का कटा हुआ एक हाथ एक लेकर न्याय के लिए इधर-उधर घूम रहा है. जवान का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण उसकी मां को अपना एक हाथ गंवाना पड़ा है और अब उसे न्याय चाहिए.

जानें क्या है पूरा मामला?

जवान ने मीडिया को बताया कि उनकी मां को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी. इस पर इलाज के लिए वह कृष्णा हॉस्पिटल लेकर गए और अस्पताल के कहने पर उनको भर्ती करा दिया. जवान ने आरोप लगाया है कि भर्ती होने के दूसरे ही दिन लापरवाही के चलते हाथ में इंफेक्शन फैल गया और जब हालत अधिक खराब होने लगे तो उन्हें पारस अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पूरे हाथ में इंफेक्शन फैलने की बात कही और कहा कि अगर जान बचानी है तो हाथ काटना पड़ेगा. इस पर 17 तारीख को ऑपरेशन कर मां का दाहिना हाथ काट दिया गया.

पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई

जवान का आरोप है कि अस्पताल की लापरवाही की शिकायत लेकर वह थाना रेल बाजार गए लेकिन पुलिस ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की. वह लगातार तीन दिन से थाने के चक्कर काट रहे हैं लेकिन अस्पताल के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं कर रही है. इस पर मजबूर होकर मंगलवार को मां का कटा हाथ लेकर सीधे पुलिस आयुक्त कार्यालय जा पहुंचे और यहीं पर किसी ने उनकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया जिसके बाद पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है.

फिलहाल इस मामले में अब पुलिस आयुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को मेडिकल जांच के लिए कहा है. अब आगे देखना ये होगा कि क्या कृष्णा हॉस्पिटल पर कार्रवाई होती है या नहीं?

ये भी पढ़ें-कहर बनकर बरसी तेज आंधी…उड़ा ले गई लड़का; चौंकाने वाला Video वायरल