Lucknow: ट्रैफिक पुलिस की राहत भरी पहल…चौराहों पर लगवाया ग्रीन नेट; तेज धूप से ऐसे बचें-Video

Share News

Lucknow: पूरा उत्तर भारत भीषण गर्मी और तेज धूप से तप रहा है. दोपहर में लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं लेकिन मजबूरी में किसी न किसी काम के लिए लोगों को घर के बाहर निकलना ही पड़ रहा है. ऐसे में जब ट्रैफिक की रेड लाइन होने के बाद लोगों को चौराहों पर खड़ा रहना पड़ता है तो लोग और भी परेशान हो उठते हैं लेकिन लखनऊ की ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की इस समस्या को समझा और चौराहों पर ग्रीन नेट लगवाया है ताकि राहगीरों को कुछ तो राहत मिल ही जाए.

लखनऊ ट्रैफिक पुलिस की इस पहल की लोग जमकर प्रशंसा कर रहे हैं. राहगीरों और ट्रैफिक सिग्नल पर रेड लाइट पर रुकने वालों को राहत देने के लिए ही लखनऊ के कई चौराहों पर ग्रीन नेट लगाया गया है. ताकि लोगों के ऊपर सीधी धूप न पड़ सके. बता दें कि कल आंधी-बारिश से लोगों को रात में तो गर्मी से कुछ राहत मिली थी लेकिन आज दोपहर होते ही तेज धूप ने फिर से लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. इसी बीच मौसम विभाग ने लोगों को जरूरत पड़ने पर ही घर के बाहर निकलने की सलाह दी है.

बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को दोपहर और लू के दौरान घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है. तो वहीं मजदूरों और धूप में लंबे समय तक रहने वालों को लू लगने और शरीर में पानी की कमी होने का खतरा बताया है और सलाह दी है कि वे अपना ख्याल रखें और पानी पीते रहें.

सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक सबसे अधिक गर्मी होती है. इस दौरान चक्कर, सिरदर्द, कमजोरी और हीट स्ट्रोक जैसी परेशानी हो सकती है. इसलिए हर व्यक्ति अपना ख्याल रखे.

तेज धूप के दौरान करें ये काम

कोशिश करें कि दोपहर में अधिक देर तक धूप में न रहें।
सफेद या फिर हल्के रंग के सूती के ही कपड़े पहनें।
घर से बाहर निकलते वक्त सिर को टोपी, गमछे या छाते से कवर करें।
अधिक से अधिक पानी, ओआरएस घोल, छाछ, लस्सी और नींबू-पानी आदि का सेवन करें।
चाय, कॉफी, शराब और कोल्ड ड्रिंक जैसी चीजों से दूर रहें या कम सेवन करें।
बासी खाना खाने से बचें।
किसान फसलों को लगातार सींचते रहें।
जानवरों को भी धूप से बचाकर रखें और छांव में बांधें. पर्याप्त पानी देते रहें।

ये भी पढ़ें-Assam News: क्या अब CM हिमंत बिस्वा सरमा लगा देंगे लव जिहाद पर टोटल ब्रेक…? विधानसभा में पास करा लिया UCC बिल