Shakuntala University: दीक्षांत समारोह का बदला समय, अब सुबह 11 बजे होगा आयोजन

July 15, 2026 by No Comments

Share News

Shakuntala University 13th Convocation: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय (Dr. Shakuntala Mishra National Rehabilitation University) के 13वें दीक्षांत समारोह के समय में बदलाव किया गया है। 31 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले समारोह का समय अपराह्न तीन बजे की जगह अब सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है।

इस सम्बंध में कुलपति आचार्य संजय सिंह ने जानकारी दी कि कुलाध्यक्ष (राज्यपाल) के विशेष कार्याधिकारी की ओर से जारी पत्र के अनुपालन में दीक्षांत समारोह का समय संशोधित किया गया है। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। कुलपति आचार्य संजय सिंह ने बताया कि समारोह की तिथि में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।

उन्होंने आगे जानकारी दी कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय का सबसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक आयोजन है। इसकी सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और समय परिवर्तन के अनुरूप व्यवस्थाओं को अद्यतन किया जा रहा है ताकि कार्यक्रम गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

कुलपति ने पदक और उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, आमंत्रित अतिथियों और विश्वविद्यालय परिवार से संशोधित समय के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर समय से पहले पहुंचने की अपील की है और कहा है कि कुलाध्यक्ष के विशेष कार्याधिकारी के पत्र के अनुपालन में समय परिवर्तन किया गया है और इसकी सूचना सभी संबंधित अधिकारियों, विभागाध्यक्षों, संकायाध्यक्षों तथा आयोजन से जुड़े सभी पक्षों को उपलब्ध करा दी गई है।

ये भी पढ़ें-Samay Raina: कोर्ट को किया गुमराह…सुप्रीम कोर्ट ने कॉमेडियन समय रैना को लगाई फटकार; 3 लाख का जुर्माना भी लगाया