UP के अधिकांश हिस्सों में लगातार हो रही है भारी बारिश… लखनऊ से लेकर 10 जिलों में बंद रहेंगे स्कूल
UP News: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार झमाझम बारिश हो रही है. इसको देखते हुए 26 सितंबर को राजधानी लखनऊ के साथ ही गोरखपुर, मिर्जापुर और प्रयागराज में जिला प्रशासन ने स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया है. दरअसल इन जिलों में लगातार भारी बारिश हो रही है और सम्भावना है कि और अधिक बारिश हो सकती है.
लगातार हो रही बारिश की वजह से कई जगहों पर जल भराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. सीएम योगी ने रेड अलर्ट और फ्लैश फ्लड की आशंका वाले जिलों में स्कूल बंद रखने के निर्देश जारी कर दिए हैं. सीएम ने सभी संबंधित जिलों के डीएम को निर्देश दे दिया है.
सीएम योगी ने साथ ही जिलाधिकारियों को फील्ड पर उतरकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं. लखनऊ में खराब मौसम और भारी बारिश की वजह से कक्षा 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे. सभी बोर्डों के स्कूल बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं. यह निर्देश राजकीय, परिषद, सीबीएसई, आईसीएसई, मान्यता प्राप्त, अशासकीय सहायता प्राप्त, संस्कृत बोर्ड, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग तथा अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड के विद्यालयों पर भी लागू होगा.
अगर ये आदेश नहीं माना जाता है तो इसके लिए सभी प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को इसका जिम्मेदार माना जाएगा. समाचार लिखे जाने तक भारी बारिश का क्रम जारी है. तो वही मौसम विभाग ने भी आने वाले दो दिनों तक सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान जताया है.
इन जिलों में स्कूल रहेंगे बंद
गोरखपुर और बस्ती मंडल के पांच जिलों यानी गोरखपुर के साथ ही महराजगंज, संतकबीर नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर में स्कूल बंद रखने का निर्देश दिया गया है. तो वहीं संतकबीर नगर में कक्षा आठ तक के स्कूल बंद रहेंगे, जबकि अन्य जिलों में 12वीं तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है. तो वहीं मिर्जापुर, लखनऊ, जौनपुर, भदोही और प्रयागराज में भी स्कूल बंद रहेंगे.