भदोही का एक बार फिर से बदला नाम…CM योगी से पहले मायावती और अखिलेश ने भी किया था बदलाव

October 4, 2026 by No Comments

Share News

Bhadohi Name Changed: उत्तर प्रदेश में शहरों और रेलवे स्टेशनों के नाम बदलने का सिलसिला लगातार जारी है. इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कालीन नगरी के रूप में दुनिया भर में मशहूर भदोही जिले का नाम बदल दिया है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भदोही का नाम एक बार फिर बदल दिया है और अब ‘संत रविदास नगर’ के नाम से ये जिला जाना जाएगा. सरकार की इस घोषणा के बाद से ही संत रविदास के अनुयायियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है.

सीएम योगी ने भदोही में आयोजित एक जनसभा और विकास परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ये घोषणा की. वह बोले कि संत रविदास जी महान समाज सुधारक थे. उनके विचारों, शिक्षाओं और उनके अमूल्य योगदान को चिरस्थाई बनाने के लिए ही सरकार ने यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है.

सीएम योगी ने निर्देश दिया कि सरकारी कामकाज और प्रशासनिक दस्तावेजों में भी भदोही को ‘संत रविदास नगर’ के रूप में नई पहचान दी जाए.

जानें क्या है पुराना है सियासी इतिहास?

मालूम हो कि भदोही जिले के नाम बदलने का सिलसिले का इतिहास राजनीतिक उतार-चढ़ाव से जुड़ा रहा है. पहली बार बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सरकार में तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती ने भदोही का नाम बदलकर ‘संत रविदास नगर’ किया था और फिर कई सालों तक जिले का यही नाम रहा. हालांकि समाजवादी पार्टी की सरकार आने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने साल 2014 में संत रविदास नगर का नाम बदलकर फिर से ‘भदोही’ कर दिया था. तो वहीं भाजपा की योगी सरकार ने एक बार फिर से इस जिले का नाम ‘संत रविदास नगर’ रख दिया है.

प्रशासनिक स्तर पर जल्द शुरू हो जाएगी

सीएम योगी की घोषणा के बाद अब बहुत ही शीघ्र शासन स्तर पर भदोही का नाम बदलने की आधिकारिक लिखा-पढ़ी शुरू हो जाएगी. राजस्व विभाग के साथ ही अन्य संबंधित विभागों से आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी हो जाने के बाद गजट नोटिफिकेशन (अधिसूचना) जारी की जाएगी. नाम बदलने के इस फैसले को राजनीतिक और सामाजिक दृष्टिकोण से भी बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है. दरअसल यूपी विधानसभा चुनाव अब आने वाले हैं. राजनीतिक दलों ने इसकी तैयारी जोर-शोर से शुरू कर दी है. तो वहीं इसी को देखते हुए योगी सरकार तेजी से वो फैसले कर रही है जो चुनाव में मदद कर सके.

ये भी पढ़ें-सपा कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गए… पूर्व जिलाध्यक्ष को मारा थप्पड़-Video