AKTU News: क्या है इनोवेशन इकोसिस्टम…? छात्रों को मिली जानकारी

October 5, 2026 by No Comments

Share News

AKTU News: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के इनोवेशन हब यूपी फाउंडेशन में अटल इनोवेशन मिशन नीति आयोग के सहयोग से तीन दिवसीय एडवांसिंग इनोवेशन प्रोफेशनल्स फॉर इको सिस्टम एक्सीलेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे बैच का सोमवार को शुभारंभ हुआ।

तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को नवाचार, इन्क्यूबेशन, उद्यमशीलता और स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की व्यावहारिक समझ प्रदान करना है।

कुलपति प्रो. जेपी पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के पहले दिन नवाचार इकोसिस्टम, डिजाइन थिंकिंग, वैल्यू प्रपोजिशन कैनवास और लीन कैनवास जैसे विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए। समारोह के मुख्य अतिथि यूपी स्टार्टअप मिशन के सीईओ सुमित राजेश महाजन ने नवाचार और उद्यमिता के वर्तमान एवं भविष्य पर प्रकाश डाला। साथ ही यूपी सरकार की स्टार्टअप नीति एवं योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी।

कार्यक्रम की शुरुआत नेटवर्किंग से हुई, जिसमें प्रतिभागियों को परस्पर संवाद और परिचय का अवसर मिला। इसके बाद एसो. डीन इनोवेशन डॉ. अनुज कुमार शर्मा ने नवाचार, उद्यमिता को लेकर इनोवेशन हब की ओर से चलाई जा रही पहल पर प्रकाश डाला।

अटल इनोवेशन मिशन की प्रोग्राम लीड तन्वी मिश्रा ने प्रशिक्षण की रूपरेखा और इसके उद्देश्यों की जानकारी दी। इनोवेशन हब के सीईओ डॉ. महीप सिंह ने इनोवेशन हब की भूमिका, गतिविधियों और नवाचार इकोसिस्टम से जुड़े प्रयासों के बारे में बताया। उद्घाटन सत्र का धन्यवाद इनोवेशन हब की सीआईओ वंदना शर्मा ने दिया।

इसके बाद इनोवेशन इकोस्टिम एंड इन्क्युबेटर्स इन इंडिया विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। सत्र को मनीष वर्मा, मेंटर एवं ग्रोथ एक्सपर्ट, आईआईएम लखनऊ एंटरप्राइज इनक्यूबेशन सेंटर ने संबोधित किया। उन्होंने भारत में विकसित हो रहे नवाचार इकोसिस्टम, इन्क्यूबेटरों की भूमिका, उद्यमियों को उपलब्ध सहयोग तंत्र तथा इकोसिस्टम निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इसी क्रम में जय हिंद कॉलेज की निदेशक डॉ. राखी शर्मा, उद्यमिता शिक्षाविद् ने डिजाइन थिंकिंग प्रक्रिया पर गतिविधि आधारित सत्र लिया।

प्रथम दिवस के अंतिम सत्र में लीन कैनवास की अवधारणा और उसके व्यावहारिक उपयोग पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों को व्यवसायिक विचार को संरचित करने, समस्या एवं समाधान की स्पष्ट पहचान करने, लक्षित ग्राहक वर्ग, प्रमुख संसाधनों और मूल्य प्रस्ताव जैसे महत्वपूर्ण घटकों को एक व्यवस्थित प्रारूप में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया से परिचित कराया गया।

इसके साथ ही प्रथम दिवस की प्रशिक्षण गतिविधियां संपन्न हुईं। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को नवाचार इकोसिस्टम की व्यापक समझ के साथ-साथ डिजाइन थिंकिंग, वैल्यू प्रपोजिशन और लीन कैनवास जैसे व्यावहारिक उपकरणों की जानकारी मिली। कार्यक्रम के अगले दो दिनों में बिजनेस मॉडल कैनवास, स्टार्टअप कॉस्टिंग, प्रभावी इन्क्यूबेशन कार्यक्रम की योजना, मेंटरशिप, फंडिंग, प्रस्ताव लेखन, ब्रांडिंग और इकोसिस्टम कनेक्ट जैसे विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें-कर्ज या फिर पत्नी से विवाद…43 मंजिल से कूदकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने दी जान-Video