विकास की पहली शर्त है ‘सुरक्षा’…शिया पी.जी. कॉलेज में मना वायु सेना दिवस-Video
Shia PG College News: उत्तर प्रदेश की राजधानी में स्थित शिया पी.जी. कॉलेज में वायु सेना दिवस (Air Force Day) मनाया गया. कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य प्रो. एस. एस. आर. बाक़री के संरक्षण और फ्लाइंग ऑफिसर डॉ.अर्चना सिंह के निर्देशन में किया गया. कॉलेज की एयरफोर्स एनसीसी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में “भारत के विकास में वायुसेना का योगदान” विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन हुआ.
संगोष्ठी के मुख्य विषय पर बोलते हुए कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सैयद सबीहे रज़ा बाक़री ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में विषय की गहराई को रेखांकित करते हुए अत्यंत सशक्त और प्रेरणादायी विचार व्यक्त किये। उन्होंने कहा, “जब हम भारत के विकास की बात करते हैं, तो विकास की पहली शर्त ‘सुरक्षा’ होती है। भारतीय वायुसेना ने देश को वह सुरक्षित आकाश दिया है, जिसके साये में आज भारत आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से फल-फूल रहा है।
आपदा के समय राहत कार्य हो, विदेशों में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालना हो, या फिर रक्षा तकनीकों और एयरोस्पेस इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाना हो—वायुसेना का योगदान अतुलनीय है। एक कैडेट के रूप में आपका कर्तव्य केवल सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के समग्र विकास में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ योगदान देना है। उठिए, इस नीले आसमान की ऊंचाइयों से प्रेरणा लीजिए और अपनी प्रतिभा व सेवा भावना से देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन कीजिए।”
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जूनियर वारंट ऑफिसर नदीम इकबाल ने भारतीय वायु सेना के गौरवशाली इतिहास और सीमाओं की सुरक्षा में उनके रणनीतिक योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्नो. सिबतेन बेग ने वैश्विक परिदृश्य व राष्ट्रीय प्रगति में भारतीय वायुसेना की भूमिका पर अपने विचार रखे।
https://t.co/uXXjENIlzq शिया पी जी कॉलेज में मना वायु सेना दिवस
— Archana Sharma Shukla (@archanasharmas6) October 8, 2026
फ्लाइंग ऑफिसर अर्चना सिंह के कुशल मार्गदर्शन में एयर विंग के एनसीसी कैडेट्स ने “भारत के विकास में वायुसेना का योगदान” विषय पर देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। संगोष्ठी में कैडेट कॉर्पोरल (Cpl) मोहम्मद गाजी अब्बास, फ्लाइट कैडेट (FC) मुस्कान विश्वकर्मा और फ्लाइट कैडेट (FC) अयान आलम ने अपने ओजस्वी विचारों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कैडेट्स ने बताया कि कैसे वायुसेना देश के आर्थिक और तकनीकी ऊंचाइयों को छूने के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करती है।
समारोह के समापन पर कार्यक्रम की आयोजक फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. अर्चना सिंह ने सभी विशिष्ट अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस कार्यक्रम में 5 यूपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी से JWO मोहम्मद नदीम इकबाल ,सार्जेंट प्रदीप सिंह यादव , सैय्यदा बानो व शिया पी.जी. कॉलेज के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।
ये भी पढ़ें-स्कूलों में रील बनाकर वायरल करने वाली सरकारी शिक्षिकाओं पर गिरी गाज…डीएम ने दिए जांच के आदेश-Video