Shakuntala University: दृष्टिबाधित विद्यार्थियों ने सीखा डिजिटल तकनीकों का इस्तेमाल

October 28, 2026 by No Comments

Share News

Shakuntala University: डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय (Dr. Shakuntala Mishra National Rehabilitation University) में दिव्यांग विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीकों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड (एनएबी) नई दिल्ली के सहयोग से हुई कार्यशाला में बताया गया कि सहायक तकनीकों से दृष्टिबाधित विद्यार्थी पढ़ाई से लेकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी हासिल करने तक के काम आसानी से कर सकते हैं।

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सुगम्य भारत ऐप, श्रवण आईवीआर ऑडियो लाइब्रेरी और एडीआईटीआई एआई व्हाट्सएप चैटबॉट के बारे में बताया। सुगम्य भारत ऐप से सार्वजनिक भवनों और परिवहन में सुगमता से जुड़ी समस्याओं की शिकायत की जा सकती है। श्रवण ऑडियो लाइब्रेरी के जरिये ऑडियो पुस्तकें और अध्ययन सामग्री सुनी जा सकती है। वहीं एडीआईटीआई एआई चैटबॉट से यौन और प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने में सहायक है।

कार्यशाला में विद्यार्थियों को इन तकनीकों के व्यावहारिक इस्तेमाल के बारे में समझाया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि डिजिटल साधनों की मदद से दृष्टिबाधित विद्यार्थी पढ़ाई और रोजमर्रा के कामों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम कर सकते हैं। इससे उनके लिए जरूरी सूचनाओं तक पहुंच आसान होगी और आत्मनिर्भरता बढ़ेगी।

गैर-दिव्यांग विद्यार्थियों को भी दृष्टिबाधित लोगों की जरूरतों और डिजिटल तकनीकों के इस्तेमाल के बारे में बताया गया। दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना और तकनीक को सभी के लिए उपयोगी बनाने की समझ विकसित करने के उद्देश्य से कार्यशाला का आयोजन हुआ। इस दौरान विवि के छात्र कल्याण अधिष्ठाता व प्रॉक्टर प्रो. आशुतोष पांडेय, एमओयू समन्वयक डॉ. विजय शंकर शर्मा और एनएबी के इंद्रप्रीत सिंह, हरप्रीत सिंह व निशांत टोप्पो मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें-Karwa Chauth katha: गृहस्थी में आने वाली बाधाओं को भी दूर करता है करवा चौथ व्रत… पढ़ें कथा- Video